CM साय 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर दौरे पर, निवेश पर रहेगा फोकस

CM साय 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर दौरे पर, निवेश पर रहेगा फोकस

CG Prime News@रायपुर. Chief Minister Vishnu Dev Sai Singapore Visit छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश और आर्थिक साझेदारी के नए अवसरों से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अक्टूबर में सिंगापुर का दौरा करेंगे। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर मुख्यमंत्री 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक राज्य के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इस दौरान वे सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में शामिल होंगे।

SING फोरम में छत्तीसगढ़ की औद्योगिक संभावनाओं पर चर्चा

सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित SING फोरम का यह पहला संस्करण है। कार्यक्रम में भारत और सिंगापुर के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों के साथ उद्योग जगत के प्रमुख लोग, कारोबारी और निवेशक शामिल होंगे। फोरम का उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करना और व्यापार एवं निवेश के नए अवसरों को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय फोरम में छत्तीसगढ़ की MSME, स्टार्टअप और रोजगारपरक क्षेत्रों में मौजूद संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने रखेंगे। प्रतिनिधिमंडल राज्य की औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसरों और दीर्घकालिक आर्थिक सहयोग की संभावनाओं पर भी संवाद करेगा।

कौशल विकास और हरित विकास पर भी रहेगा जोर

सिंगापुर प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल की विभिन्न संस्थानों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं। इनमें स्किल सेंटर, मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे शामिल हैं। बैठकों में कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास से जुड़े अनुभवों तथा सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि सिंगापुर यात्रा छत्तीसगढ़ को वैश्विक साझेदारों से जोड़ने का अवसर है। सरकार का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार को राज्य से जोड़कर विकास तथा रोजगार के नए अवसर तैयार करना है।

वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी रहेगा साथ

मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, सीएसआईडीसी के प्रबंध निदेशक विश्वेश कुमार और मुख्यमंत्री के ओएसडी उमेश अग्रवाल प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहेंगे।

Related posts

पाटन चुनाव याचिका पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला, भूपेश बघेल की आपत्ति पर हाईकोर्ट में होगी सुनवाई

दंतेवाड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: कार और बुलेट की जोरदार टक्कर, सहायक सचिव की मौत

Gold Price Today: सोने-चांदी के भाव में बड़ी गिरावट, सितंबर में इतना सस्ता हुआ गोल्ड-सिल्वर