भिलाई में नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार, 260 टैबलेट और कार जब्त

भिलाई में नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार, 260 टैबलेट और कार जब्त

CG Prime News@दुर्ग. illegal intoxicating tablets दुर्ग जिले में अवैध नशीली दवाओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। भिलाईनगर थाना पुलिस ने हुडको क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर अवैध रूप से रखी गई 260 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की हैं। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद टैबलेट का कुल वजन 33.800 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 4 हजार रुपए बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम

पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि लाल मैदान, हुडको स्थित गणेश पंडाल के पास एक सफेद कार में कुछ लोगों के पास नशीली टैबलेट रखी हुई हैं। सूचना के आधार पर भिलाईनगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध कार की जांच की। कार में मौजूद तीन व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर तलाशी ली।

तीनों के पास से मिली टैबलेट

तलाशी के दौरान पुलिस ने हेमंत कुमार देवांगन से 160 नग, अमन सिंह से 50 नग और आशीष दास से 50 नग अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद करने की जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि टैबलेट के संबंध में आरोपियों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

कार और चार मोबाइल भी जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान टैबलेट के अलावा घटना में इस्तेमाल बताई गई सफेद कार क्रमांक CG 04 H 4345 और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कार की अनुमानित कीमत 70 हजार रुपए और मोबाइल फोन की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

भिलाईनगर थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 540/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में बरामद सामग्री और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में हेमंत कुमार देवांगन (31) निवासी पाटनकर कॉलोनी, गुरुद्वारा रोड, मोहननगर दुर्ग, आशीष दास (26) निवासी LIG-285 हुडको भिलाई और अमन सिंह (22) निवासी परिजात तालपुरी, भिलाईनगर शामिल हैं।

Related posts

Gold Price Today: सोने-चांदी के भाव में बड़ी गिरावट, सितंबर में इतना सस्ता हुआ गोल्ड-सिल्वर

CM साय 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर दौरे पर, निवेश पर रहेगा फोकस

 मुख्य चुनाव आयुक्त  ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प