रूंगटा यूनिवर्सिटी के फिल्म फेस्टिवल में पहुंची चक दे इंडिया की कोमल चौटाला

रूंगटा यूनिवर्सिटी के फिल्म फेस्टिवल में पहुंची चक दे इंडिया की कोमल चौटाला

CG Prime News@भिलाई.Rungta University film festival 2026  फिल्म चक दे इंडिया में कोमल चौटाला के दमदार किरदार के लिए मशहूर अभिनेत्री और पूर्व हॉकी खिलाड़ी चितराशी रावत ने गुरुवार को रूंगटा यूनिवर्सिटी के फिल्म फेस्टिवल में शिरकत की। चितराशी ने रियल लाइफ से जुड़ा किस्सा बताया। कहा कि, चक दे इंडिया में शाहरूख खान जब सभी खिलाडिय़ों को रेस्टोरेंट में खाना खिलाने ले जाते हैं, तब लडक़ों से भिडऩे वाला दृश्य केवल अभिनय नहीं था, बल्कि वास्तविक जीवन में भी उन्होंने ऐसे हालात का सामना किया है। चितराशी ने फिल्म के चर्चित मैकडॉनल्ड्स सीन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दृश्य का मकसद लडक़ों की पिटाई दिखाना नहीं था, बल्कि लड़कियों के भीतर के गुस्से को सामने लाना था। उन्होंने कहा कि वास्तविक जीवन में ऐसे मौके कम ही आते हैं, लेकिन उनके साथ एक ऐसी घटना जरूर हुई थी।

मुझे पीछे से चिकोटी काटी

देहरादून में स्कूल से लौटते समय हम भीड़भाड़ वाले बाजार से गुजर रहे थे। अचानक मुझे महसूस हुआ कि किसी ने मुझे पीछे से चिकोटी काटी। उस समय हमारे हाथ में हॉकी स्टिक थी। मैंने जोर से चिल्लाकर कहा, हिम्मत कैसे हुई? चितराशी के अनुसार, उस वक्त वे अपनी चार अन्य सहेलियों के साथ थीं। घटना से गुस्साई लड़कियों ने तुरंत उस व्यक्ति का विरोध किया और उसे सबक सिखाया। अभिनेत्री ने कहा कि उनके भीतर हमेशा से अन्याय के खिलाफ आक्रोश रहा है। यही वजह थी कि जब उन्हें चक दे इंडिया का वह सीन शूट करना था, तो उनकी वास्तविक भावनाएं और अनुभव पर्दे पर स्वाभाविक रूप से उभरकर सामने आ गए। चितराशी का मानना है कि महिलाओं को अक्सर आसान निशाना समझ लिया जाता है, लेकिन जब वे अपने अधिकारों के लिए खड़ी होती हैं, तो गलत करने वालों को करारा जवाब मिल सकता है।

रूंगटा यूनिवर्सिटी, फिल्म फेस्टिवल

लाइफ में हमेशा बिंदास रहें

चितराशी ने बताया कि, जब वह रूंगटा यूनिवर्सिटी आ रही थीं, तब उन्होंने लाइफ का बढिय़ा मोमेंट देखा। उन्होंने बताया कि सुपेला चौक पर ट्रैफिक सिगनल के सामने एक व्यक्ति को जूस पीते हुए देखा, जो चिलचिलाती हुई गर्मी में अपनी मस्ती में डूबा हुआ उस जूस का आनंद ले रहा था। संभव है, उसकी लाइफ में भी बहुत परेशानियां होंगी लेकिन वह उस पल को मजे से जी रहा था। चितराशी ने कहा कि उनकी नोटिस स्किल जबरदस्त हैं, वह हमेशा छोटी-छोटी चीजों पर नजर रखती हैं।

चितराशी ने फिल्म फेस्टिवल में शामिल सैकड़ों युवाओं को यह किस्सा सुनाते हुए लाइफ में हमेशा खुश रहने की सीख दी। कहा कि, उतार-चढ़ाव जिंदगी का हिस्सा रहेंगे, लेकिन उससे घबराने के बजाए उसका सामने करना होगा। चितराशी ने कहा कि, उनका छत्तीसगढ़ से अहम रिश्ता हैं। वह बिलासपुर की बहू है। उन्होंने छत्तीसगढ़ी फिल्मों की भी तारीफ की। कहा कि, अब छॉलीवुड जबरदस्त फिल्में बना रहा है। प्रदेश के युवा अब फिल्मों में अपना कॅरियर बनाने आगे आ रहे हैं।

युवाओं की मुंबई में ट्रेनिंग होगी

फिल्म भूतनाथ के डायरेक्टर विवेक शर्मा और वेब सीरीज मिर्जापुर के डायरेक्ट अपूर्व धर बडग़ैयां ने फिल्म फेस्टिवल के मंच सेे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी घोषणा की। दोनों ने कहा कि, रूंगटा यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ फिल्म एंड मीडिया से पढ़ाई करने वाले छात्र उनके साथ काम कर सकेंगे। विवेक शर्मा ने बताया कि उनका खुद का प्रोडक्शन हाऊस है, जिसमें छत्तीसगढ़ के युवा असिस्टेंट डायरेक्टर सरीखी स्ट्रीम में जुड़ेंगे। इसी तरह अपूर्व नए युवाओं को फिल्मों के लिए कहानियां लिखने का सही तरीका समझाएंगे। इस औपचारिक घोषणा के बाद रूंगटा यूनिवर्सिटी इन दोनों के साथ MOU करेगा। इसका फायदा फिल्म एंड मीडिया के छात्रों को मिलेगा।

मुंंबई में बनी छॉलीवुड कम्युनिटी

कार्यक्रम के दूसरे मुख्य वक्ता फिल्म अभिनेता धु्रव आदित्य भागवनानी थे, उन्होंने बताया कि, मायानगरी मुंबई में अब छत्तीसगढ़ के बहुत से कलाकार पैर जमा चुके हैं। इसको लेकर मुंबई में छत्तीसगढ़ के कलाकारों की विशेष कम्युनिटी बनाई गई है। यह सभी एक साथ मिलकर एक-दूसरे की मदद करते हैं। इस फिल्म फेस्टिवल में अभिनेता कियान वसोडिया भी शामिल हुए। उन्होंने फेस्टिवल में दिखाई छत्तीसगढ़ की फिल्मों की तारीफ करते हुए कहा कि, अब छॉलीवुड भी एक्टिंग, डायरेक्शन और एडिटिंग में जबरदस्त काम कर रहा है। फेस्टिवल में पहुंचे विधायक और अभिनेता अनुज शर्मा ने कहा कि, पहले लोग फिल्मों में काम करने को प्रोफेशन नहीं मानते थे, लेकिन आज वह चैलेंज नहीं है। अब फिल्मों के काम करना आसान हो गया है। नए क्रिएटर्स सामने आ रहे हैं। इस दौरान फिल्म डायरेक्टर सतीश जैन, मनोज वर्मा, मनीष मानिकपुरी, डॉ. कीर्ति सिसोदिया, एसएसआईपीएमटी के डायरेक्टर निशांत त्रिपाठी, सुमित अग्रवाल, रूंगटा यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति संतोष रूंगटा, कुलपति डॉ. जवाहर सूरीशेट्टी, सीईओ सोनल रूंगटा और सोमिन लहरी शामिल रहे।

Related posts

रायगढ़ में विंडो AC का कंप्रेसर फटने से दर्दनाक हादसा, दम घुटने से पिता की मौत, बेटा गंभीर

भिलाई में 52 हजार की नशीली टेबलेट के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस रेड में पकड़ाया

दुर्ग: सोसायटी के चावल का अवैध परिवहन, वाहन समेत आरोपी गिरफ्तार