रेलवे की परीक्षा में नकल करते कैंडिडेट गिरफ्तार, अंडरगारमेंट में छिपाकर लाया था मोबाइल

रेलवे की परीक्षा में नकल करते कैंडिडेट गिरफ्तार, अंडरगारमेंट में छिपाकर लाया था मोबाइल

CG Prime News@रायपुर. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने के आरोप में रायपुर पुलिस ने एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। आरोपी परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन छिपाकर ले गया था और कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की तस्वीरें खींच रहा था। परीक्षा केंद्र के कक्ष निरीक्षक की सतर्कता और सीसीटीवी निगरानी के चलते पूरी घटना सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

संदिग्ध गतिविधि पर इनविजिलेटर की नजर

डीडी नगर थाना पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को आईडीजेड सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में RRB की दूसरी पाली की ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई देने पर कक्ष निरीक्षक ने उस पर विशेष निगरानी रखी। बाद में सीसीटीवी फुटेज की जांच में पुष्टि हुई कि वह मोबाइल फोन का उपयोग कर परीक्षा के प्रश्नों की तस्वीरें ले रहा था।

डबल अंडरगारमेंट में छिपाकर लाया था मोबाइल

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सुरक्षा जांच से बचने के लिए डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाया था। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के बाद उसने मोबाइल निकालकर कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाई दे रहे प्रश्नों की तस्वीरें खींचीं। जब्त किए गए मोबाइल की जांच में परीक्षा से जुड़े प्रश्नों की तस्वीरें भी मिली हैं।

नागपुर निवासी आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय अफताब, पिता गुलाम मोहम्मद, निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और RRB परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद डीडी नगर थाना में अपराध क्रमांक 432/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

परीक्षाओं की पारदर्शिता पर पुलिस का संदेश

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा में नकल या तकनीकी माध्यम से धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related posts

पुरी जगन्नाथ रथयात्रा में भगदड़, एक श्रद्धालु की मौत, 100 से अधिक घायल

हाइवे पर ट्रैक्टर बना काल, उजड़ी दो परिवारों की खुशियां, दो सगी बहनें, उनकी दो बेटियों की मौत

कर्नाटक में डॉक्टर की चाकू मारकर हत्या, बेटा गंभीर रूप से घायल, हिरासत में डॉ. पत्नी