कोरबा में बर्थडे पार्टी बनी खूनी: ट्रांसपोर्टर की कैंपर से कुचलकर हत्या, आरोपी फरार

कोरबा में बर्थडे पार्टी बनी खूनी: ट्रांसपोर्टर की कैंपर से कुचलकर हत्या, आरोपी फरार

CG Prime News@कोरबा. Transporter murdered at birthday party in Korba छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक बर्थडे पार्टी उस समय खूनी घटना में बदल गई, जब ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े युवकों के बीच विवाद के बाद एक युवक की कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिसोर्ट की है। वारदात के बाद आरोपी वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

बर्थडे पार्टी में हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, दीपका क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट कारोबारी विकास कुमार हुडा का जन्मदिन मनाने के लिए शुक्रवार रात करीब 20 से 25 युवक मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे। सभी देर रात तक पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान करीब 11:30 बजे किसी बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

नशे में वाहन चढ़ाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी तुषार ढांढा कथित रूप से शराब के नशे में था। आरोप है कि उसने गुस्से में कैंपर वाहन चलाकर उज्जवल सिंह को टक्कर मार दी। वाहन की चपेट में आने से उज्जवल सिंह (35), निवासी गरुणनगर, दीपका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया।

मृतक ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा था

मृतक उज्जवल सिंह ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा हुआ था। वह विवाहित था और उसके बच्चे भी हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पार्टी में मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी तुषार ढांढा (24) के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। रिसॉर्ट के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल जारी है।

Related posts

दुर्ग पुलिस का बड़ा चेकिंग अभियान, 185 जवानों ने गुंडा-बदमाशों और संदिग्धों के ठिकाने खंगाले

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ राहुल गांधी का प्रदर्शन, CEC से मिलने पर अड़े

भिलाई में 2.10 लाख के हेरोइन के साथ यूपी का युवक गिरफ्तार, सूखे नशे के खिलाफ पुलिस एक्शन