CG Prime News@भिलाई.Food department raids Bhilai before Rakshabandhan रक्षाबंधन से पहले भिलाई में खाद्य विभाग ने मिठाई बनाने वाले एक परिसर पर कार्रवाई की है। बैकुंठधाम पावर हाउस इलाके में स्थित मुस्कान फूड प्रोडक्ट में जांच के दौरान खाद्य कारोबार के लिए जरूरी लाइसेंस या पंजीयन नहीं मिला। इसके अलावा मिठाई तैयार करने वाले परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। विभाग की टीम ने मौके से मैसूर पाक और बेसन बर्फी के सैंपल लिए हैं। बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित किए जाने पर परिसर को सील कर दिया गया।
बिना लाइसेंस तैयार हो रही थी मिठाइयां
खाद्य विभाग के अधिकारी जितेंद्र नेले के मुताबिक जांच के दौरान सामने आया कि मुस्कान फूड प्रोडक्ट के संचालक पप्पू सिंह के पास खाद्य कारोबार के लिए आवश्यक लाइसेंस या पंजीयन नहीं था। इसके बावजूद परिसर में खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे। विभाग ने बिना लाइसेंस कारोबार संचालन का प्रकरण बनाने की बात कही है।
शिकायत नहीं, जानकारी के आधार पर पहुंची टीम
अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई किसी व्यक्ति की सीधी शिकायत के आधार पर नहीं की गई। विभाग को क्षेत्र में कुछ खाद्य कारोबार बिना लाइसेंस संचालित होने की जानकारी मिल रही थी। इसी आधार पर टीम ने संबंधित परिसर का पता लगाकर जांच की। जांच में लाइसेंस नहीं होने की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की गई।
साफ-सफाई में भी मिली खामियां
जांच के दौरान मिठाई तैयार करने वाले परिसर में स्वच्छता व्यवस्था में भी कमियां पाई गईं। रक्षाबंधन के चलते बाजार में मिठाइयों की मांग बढ़ गई है। ऐसे में खाद्य विभाग की ओर से मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। विभाग ने मैसूर पाक और बेसन बर्फी के नमूने जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद मिठाइयों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति स्पष्ट होगी।
लाइसेंस के आवेदन पर खुल सकती है सील
फिलहाल खाद्य विभाग ने परिसर को सील कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक संचालक खाद्य लाइसेंस के लिए आवेदन करता है और साफ-सफाई समेत आवश्यक कमियों को दूर करता है तो नियमानुसार सील खोलने की कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित करने का मामला अलग से चलेगा। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल कोई जुर्माना नहीं लगाया गया है। सैंपल रिपोर्ट और संबंधित नियमों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।