डीसीपी पश्चिम की बड़ी कार्रवाई, 7 दिन में 26 आरोपी गिरफ्तार

डीसीपी पश्चिम के निर्देशन में अवैध शराब के खिलाफ सघन अभियान

रायपुर। अवैध नशे के कारोबार पर सख्त प्रहार करते हुए रायपुर पुलिस पश्चिम जोन ने बीते सात दिनों में आबकारी अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पश्चिम संदीप पटेल के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 23 प्रकरणों में 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 143 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई है।

विशेष अभियान के तहत लगातार कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन एवं रायपुर पश्चिम जोन के एसीपी के नेतृत्व में सभी थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के परिवहन, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत 13 प्रकरण एवं धारा 34(1) के अंतर्गत 10 प्रकरण दर्ज किए गए।

इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन करने वाले 43 व्यक्तियों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सका।

थानावार जब्ती का विवरण

अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों से अवैध शराब की बरामदगी की गई।

  • आज़ाद चौक – 12 लीटर, कबीरनगर – 10 लीटर, सरस्वतीनगर – 5 लीटर, पुरानी बस्ती – 16 लीटर, डीडीनगर – 46 लीटर, आमानाका – 18 लीटर, टिकरापारा – 18 लीटर, राजेन्द्रनगर – 12 लीटर, मुजगहन – 6 लीटर

कुल जब्ती : 143 बल्क लीटर अवैध शराब

संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग

डीसीपी पश्चिम के निर्देशानुसार सभी थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन अड्डेबाजी स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा अवैध शराब विक्रेताओं एवं नशा कारोबारियों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

पुलिस का स्पष्ट संदेश

रायपुर पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि अवैध शराब, नशा तस्करी एवं सार्वजनिक अव्यवस्था के खिलाफ “शून्य सहनशीलता” की नीति अपनाई गई है। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त और प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related posts

दुर्ग में डिप्टी CM साव ने किया योग, सांसद बोले-PM ने दिलाई वैश्विक प्रतिष्ठा

MMI नारायणा हॉस्पिटल का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सफल, 200 लोगों ने कराई जांच