CG Prime News@मुंबई. मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार BMW फ्लाईओवर से करीब 75 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतकों और घायल की उम्र 17 से 23 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फ्लाईओवर से 75 फीट नीचे गिरी तेज रफ्तार BMW, 3 छात्रों की मौत, एक गंभीर
डिवाइडर से टकराने के बाद नीचे गिरी BMW
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रही थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। BMW पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद फ्लाईओवर से करीब 75 फीट नीचे जा गिरी। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना की तस्वीरें कैद हुई हैं।
तीन युवकों की मौत, एक का अस्पताल में इलाज
हादसे के बाद चारों युवकों को उपचार के लिए नायर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने शनाय गज्जल (21), आदित्य जकसानिया (19) और धैर्य सेठ (17) को मृत घोषित कर दिया। वहीं आदित्य ओसवाल (23) गंभीर रूप से घायल है और उसका नायर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, चारों छात्र थे। मृतकों में शनाय, आदित्य और धैर्य मैनेजमेंट कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। शनाय अहमदाबाद का रहने वाला था और मुंबई में पीजी में रह रहा था। पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त BMW उसके परिवार की बताई गई है।
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने दुर्घटनाग्रस्त कार की जांच की और जरूरी सैंपल जुटाए। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
हाई-स्पीड कॉरिडोर है मुंबई कोस्टल रोडफ्लाईओवर से 75 फीट नीचे गिरी तेज रफ्तार BMW, 3 छात्रों की मौत, एक गंभीर
मुंबई कोस्टल रोड करीब 10.58 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड मार्ग है, जो दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव क्षेत्र को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ता है। इस मार्ग पर तेज रफ्तार में वाहन चलते हैं। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना से जुड़े CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।