Bhilai: जमानत पर रिहा पति को पत्नी ने सिलबट्टे से मारा, हुई मौत

Oplus_16908288

CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिले के भिलाई में एक पत्नी ने अपने ही पति की सिलबट्टे से मारकर हत्या कर दी। घटना रविवार रात छावनी थाना क्षेत्र के कैंप दो की है। मृतक पति की पहचान 40 वर्षीय डोमन साहू के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार वह लेबर कमिश्नर का वाहन चालक था। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है वहीं आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

एक दिन पहले जमानत पर छूटा था मृतक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। एक दिन पहले भी मृतक की पत्नी ने थाने में एफआईआर दर्ज करवाई थी। तब पति के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया था। जहां से उसे जमानत मिल गई थी। जमानत पर छूटने के बाद दोनों के बीच में रविवार देर रात जमकर विवाद हुआ। इसी दौरान पत्नी ने आक्रोश में आकर पति की हत्या कर दी।

बेटी का गला दबा रहा था मृतक

मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि उनका भाई अक्सर घर में विवाद करता था। इसी वजह से परिवार भी टूट गया था। तीनों भाई अलग-अलग रहते थे। माता-पिता से भी मारपीट करता था। जिसके कारण वह गांव शिफ्ट हो गए हैं। वारदात वाले दिन मृतक की पत्नी ने फोन कर मुझे जानकारी दी कि वह बेटी का गला दबा रहा था। मैंने समझाने की बहुत कोशिश की। नहीं माना तो उसे मार दिया। जब बहू की सूचना पर हम घर पहुंचे तो भाई का कपड़े से चेहरा ढका हुआ था। बहू और दोनों बच्चे आसपास बैठे हुए थे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।

आरोपी पत्नी हिरासत में

छावनी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया गया है। उससे घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शराब के नशे में बच्चों को मारता

उधर मृतक के पड़ोसियों का कहना है कि मृतक आए दिन शराब पीकर घर में विवाद करता था। कई बार बच्चों के साथ मारपीट करता था। इसी वजह से पत्नी पहले भी परेशान रहती थी और कई बार पुलिस में शिकायत कर चुकी थी। मोहल्ले वालों को भी धमकता था। उनसे मारपीट करता था।

Related posts

छत्तीसगढ़- 33% महिला आरक्षण लागू करने शासकीय संकल्प होगा पेश

दुर्ग में मंत्री गजेंद्र की समीक्षा बैठक, बोले-जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें

भिलाई के खुर्सीपार में 18 साल का लड़का 3.200 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार