CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिले के नेवई थाना पुलिस ने घर में चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए एक कामवाली महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, नगदी, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन सहित लगभग 12 लाख 22 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।
आलमारी से गायब मिले सोने के जेवर
प्रार्थी दुर्गा प्रसाद नागपुरे निवासी आशीष नगर पश्चिम रिसाली भिलाई ने थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर की आलमारी में रखे पर्स से सोने के हार, मंगलसूत्र, मांगटीका, नथ, हाथ के कड़े और कान के टॉप्स सहित करीब 14.5 ग्राम सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 337/2026 धारा 305(A), 331 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कामवाली महिला पर हुआ शक
जांच के दौरान पुलिस को घर में हाल ही में काम करने आई महिला मालती ध्रुव पर संदेह हुआ। पूछताछ में मालती ध्रुव ने अपने पति देवीलाल ध्रुव और जीजा हेमलाल मंडावी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने चोरी किए गए कुछ गहनों को मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखकर लोन भी लिया था।
पुलिस ने बरामद किए जेवर और दस्तावेज
नेवई पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने और चांदी के जेवर, 10 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक्टिवा वाहन तथा मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखे गए गहनों की रसीद बरामद की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 12.22 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरे मामले की कार्रवाई में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल कुमार साहू, उप निरीक्षक सुरेंद्र तारम, आरक्षक रवि बिसाई, प्यारे लाल, विजय कुर्रे, महिला आरक्षक कीर्ति साहू तथा एसीसीयू टीम के एएसआई भारत यादव, प्रेम सिंह और आरक्षक रोहन दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।