CG Prime News@भिलाई. bhilai municipal corporation, लंबे समय से विवादों में चल रहे भिलाई नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय का आखिरकार तबादला कर दिया गया। राजीव कुमार पांडेय को उच्च शिक्षा संचालनालय में पदस्थ किया गया है। वहीं उनकी जगह आईएएस सुरूचि सिंह को भिलाई निगम का आयुक्त बनाया गया है।
मेयर साथ बढ़ गया था टकराव
भिलाई निगम आयुक्त (कमिश्नर) राजीव कुमार पांडेय और मेयर के बीच हाल ही में हुए विवाद का मुख्य कारण प्रशासनिक कार्यों और सामान्य सभा में बहुमत के प्रस्तावों का टकराव था। गंभीर अनियमितता को लेकर पार्षदों ने भी मोर्चा खोल दिया था। प्रशासन को चि_ी लेकर उन्हें हटाने की भी मांग की थी।
सामान्य सभा का प्रस्ताव
25 मार्च 2026 को आयोजित भिलाई नगर निगम की सामान्य सभा में महापौर नीरज पाल सहित 32 पार्षदों ने आयुक्त को तत्काल प्रभाव से हटाने का प्रस्ताव पारित किया था। पार्षदों का आरोप था कि आयुक्त एमआईसी (MIC) और सामान्य सभा की मंजूरी के बिना वित्तीय और प्रशासनिक फैसले ले रहे थे।
हाईकोर्ट का फैसला
राज्य सरकार द्वारा इस प्रस्ताव को कानूनी रूप से अमान्य मानने के बाद, महापौर और पार्षदों ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। 29 जून 2026 को हाईकोर्ट ने 32 पार्षदों की याचिका को खारिज कर दिया है। जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की सिंगल बेंच ने स्पष्ट किया कि केवल बहुमत के आधार पर नियमों की अनदेखी नहीं की जा सकती। कोर्ट ने माना कि बिना पूर्व नोटिस के कमिश्नर को हटाने का प्रस्ताव लाया गया था, जो प्रक्रिया के अनुसार अवैध था। इस फैसले के बाद आयुक्त राजीव पांडेय अपने पद पर बने हुए थे। जिनका अब तबादला किया गया है।
8 IAS का ट्रांसफर
छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 8 अधिकारियों और राज्य प्रशासनिक सेवा के 19 अधिकारियों का ट्रांसफर किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
सीनियर IAS अधिकारी रिमिजियस एक्का को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के साथ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। गजेंद्र सिंह ठाकुर को राजस्व, आपदा प्रबंधन और पुनर्वास विभाग का उप सचिव बनाया गया है।
प्रतीक जैन को जिला पंचायत कोरबा का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। सुरूचि सिंह को नगर पालिका निगम भिलाई का आयुक्त बनाया गया है। वहीं, जयंत नाहटा को जिला पंचायत धमतरी, एम. भार्गव को जिला पंचायत दंतेवाड़ा, तन्मय खन्ना को जिला पंचायत बस्तर और दुर्गा प्रसाद अधिकारी को जिला पंचायत राजनांदगांव का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है।
भारती चंद्राकर की मार्कफेड में पोस्टिंग
राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों में भी बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। इंद्रजीत बर्मन को स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में नई जिम्मेदारी दी गई है। राजीव कुमार पांडेय को उच्च शिक्षा संचालनालय में पदस्थ किया गया है। भारती चंद्राकर को मार्कफेड, दिनेश कुमार नाग को छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन और नयनतारा सिंह तोमर को चिकित्सा शिक्षा संचालनालय में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।