कन्हारपुरी स्कूल में रक्षा टीम का जागरूकता अभियान

राजनांदगांव: कन्हारपुरी स्कूल में रक्षा टीम का बाल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम

राजनांदगांव. पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में शासकीय प्राथमिक शाला कन्हारपुरी, जिला राजनांदगांव में अध्ययनरत कक्षा पहली से पांचवीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए रक्षा टीम द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा, सही-गलत स्पर्श की पहचान तथा डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग बनाना रहा।

सरल भाषा में समझाया गया गुड टच–बैड टच

कार्यक्रम के दौरान महिला आरक्षक रीनू मेश्राम, कौशिल्या साहू, आरक्षक अमित जाटवर एवं वाहन चालक आरक्षक शेषनारायण सिंहा ने बच्चों को उनकी उम्र और समझ के अनुसार सरल एवं सहज भाषा में गुड टच और बैड टच की जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि कौन-सा स्पर्श सुरक्षित है और किस स्थिति में उन्हें तुरंत सतर्क होना चाहिए।

पॉक्सो बॉक्स और सही कदमों की जानकारी

रक्षा टीम द्वारा बच्चों को स्कूल परिसर में लगे पॉक्सो बॉक्स के उपयोग के बारे में भी बताया गया। उन्हें समझाया गया कि किसी भी असहज या गलत स्थिति में डरने की बजाय भरोसेमंद व्यक्ति, शिक्षक या अभिभावक को तुरंत जानकारी देना जरूरी है। बच्चों को आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने और सही निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया गया।

डिजिटल सुरक्षा पर भी दिया गया संदेश

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि इंटरनेट और मोबाइल का सुरक्षित एवं सीमित उपयोग कैसे किया जाए, ताकि वे किसी भी प्रकार के साइबर जोखिम से बच सकें।

शिक्षकों को अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी

जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कराकर उसके उपयोग एवं महत्व के बारे में जानकारी दी गई, जिससे महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित शिकायतें आसानी से दर्ज की जा सकें।

187 से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता

इस कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक स्टाफ सहित लगभग 187 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना, सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और विद्यालय में सुरक्षित व सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना रहा।

रक्षा टीम के इस सराहनीय प्रयास की विद्यालय परिवार एवं शिक्षकों द्वारा प्रशंसा की गई।

Related posts

कार्तिक आर्यन-ममूटी को बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड, यामी गौतम बनीं बेस्ट एक्ट्रेस, अनंत नाग को दादा साहेब फाल्के सम्मान

छत्तीसगढ़ की बहुप्रतीक्षित दल्लीराजहरा-रावघाट नई रेल लाइन परियोजना पूर्ण, स्पीड ट्रायल हुआ

सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन पड़ा भारी, BJYM जिलाध्यक्ष समेत 3 पर FIR