CG Prime News@रायपुर. Dalirajhara-Rowghat Rail Project छत्तीसगढ़ की बहुप्रतीक्षित दल्लीराजहरा-रावघाट नई रेल लाइन परियोजना अब अपने महत्वपूर्ण अंतिम चरण में पहुंच गई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले ताड़ोकी-रावघाट सिंगल लाइन विद्युतीकृत ब्रॉडगेज सेक्शन का मंगलवार को रेल संरक्षा आयुक्त (CRS) ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के साथ रेलखंड पर गति परीक्षण भी किया गया। दक्षिण पूर्व परिमंडल, कोलकाता के रेल संरक्षा आयुक्त सुमीत सिंघल ने सीआरएस स्पेशल ट्रेन से ताड़ोकी से रावघाट तक रेलखंड का जायजा लिया। इस दौरान नई रेल लाइन से जुड़ी संरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं का निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण किया गया।
छत्तीसगढ़ की बहुप्रतीक्षित दल्लीराजहरा-रावघाट नई रेल लाइन परियोजना पूर्ण, स्पीड ट्रायल हुआ
स्पीड ट्रायल के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच
निरीक्षण के दौरान रेल लाइन, पुल-पुलियों, विद्युतीकरण, सिग्नलिंग और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। इसके साथ ही रेलखंड की परिचालन क्षमता और सुरक्षा मानकों को परखने के लिए गति परीक्षण भी पूरा किया गया। इस मौके पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) मुदित भटनागर, रायपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दयानंद सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
दल्लीराजहरा से ताड़ोकी तक मिल रही रेल सुविधा
दल्लीराजहरा-रावघाट रेल परियोजना क्षेत्र के लिए लंबे समय से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वर्तमान में दल्लीराजहरा से ताड़ोकी तक यात्रियों को रेल सुविधा उपलब्ध है। अब ताड़ोकी-रावघाट सेक्शन का निरीक्षण और गति परीक्षण पूरा होने के बाद परियोजना के अगले चरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। रेल प्रशासन के अनुसार कमीशनिंग से पहले निर्धारित संरक्षा प्रक्रियाओं और तकनीकी मानकों को पूरा करना जरूरी है। CRS निरीक्षण इसी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मिलेगा फायदा
ताड़ोकी-रावघाट रेल संपर्क शुरू होने से आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे लोगों को आवागमन के अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। कृषि उत्पादों और स्थानीय व्यापारिक वस्तुओं के परिवहन में भी सुविधा हो सकती है। नई रेल लाइन से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों को बड़े रेल नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार से जुड़े अवसरों तक पहुंच आसान होने के साथ क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
कमीशनिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
ताड़ोकी-रावघाट सेक्शन का CRS निरीक्षण और स्पीड ट्रायल दल्लीराजहरा-रावघाट नई रेल लाइन के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव है। रेल प्रशासन अब निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगा।