CG Prime News@कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक ASI के बेटे की बोलेरो सवार ने कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। घटना 6-7 जून की रात का है। जहां रास्ता देने को लेकर हुए विवाद के बाद बोलेरो सवार ने एएसआई रामनारायण रात्रे के बेटे चंद्रमणि को कुचल दिया था। घटना के 6 दिन बाद रायपुर के प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एएसआई के बेटे की मौत हो गई।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस इस पूरे मामले की जांच हत्या, अपहरण और लूट के एंगल से कर रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। इधर मृतक चंद्रमणि का शव उनके गृहग्राम जांजगीर-चांपा जिले के पंतोरा लाया गया। जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया।
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, कोरबा शहर में 6-7 जून की रात बुधवारी बाइपास मार्ग पर बोलेरो सवार कुछ युवकों ने जमकर हंगामा मचाया। वहीं ASI रामनारायण रात्रे का बेटा चंद्रमणि रात्रे (24) अपने दोस्तों के साथ कार में मौजूद था। इसी दौरान बोलेरो सवार युवकों से रास्ता देने को लेकर कहासुनी और विवाद हो गया।
कार से उतरते ही चढ़ा दी बोलेरो
विवाद के दौरान जैसे ही चंद्रमणि कार से नीचे उतरा, तभी बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार में गाड़ी उसकी तरफ चढ़ा दी और उसे कुचल दिया। बोलेरो की चपेट में आने से चंद्रमणि गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बोलेरो सवार मौके से फरार हो गए। वहीं, चंद्रमणि के साथ मौजूद बाकी युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले।
मरा हुआ समझकर सड़क किनारे फेंक दिया
घटना के बाद चंद्रमणि के साथी अरविंद राठौर और साहिल निर्मलकर स्कूटी से आरोपियों की बोलेरो का पीछा करने लगे। बताया जा रहा है कि बलगी मार्ग पर हमलावरों ने अरविंद को पकड़ लिया और जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद 25 से 30 युवकों ने मिलकर अरविंद की बेरहमी से पिटाई की। हमलावरों ने उसे मरा हुआ समझकर सड़क किनारे फेंक दिया।