होली से पहले शांति भंग करने पर तीन लोगों पर कार्रवाई

ग्राम खपरी में शांति भंग करने पर तीन लोगों को कुम्हारी पुलिस ने गिरफ्तार किया।

दुर्ग | होली त्यौहार को देखते हुए दुर्ग जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना कुम्हारी पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन कर विवाद एवं शांति भंग करने वाले तीन व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर किया विवाद

पुलिस के अनुसार 21 फरवरी 2026 की रात लगभग 11 बजे ग्राम खपरी, थाना कुम्हारी क्षेत्र में मुकेश जोशी (41 वर्ष) और शुभम साहू (23 वर्ष) सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन कर आपसी विवाद कर रहे थे, जिससे क्षेत्र में अशांति की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पारिवारिक विवाद से फैली अशांति

इसी दौरान राकेश जांघेल (29 वर्ष), निवासी शांति नगर भिलाई-3, अपने चचेरे भाई के घर ग्राम खपरी पहुंचकर पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर विवाद करने लगा। इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे भी हिरासत में लिया।

धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई

तीनों व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण में किसी प्रकार की सामग्री जब्त नहीं की गई है।

होली को लेकर पुलिस सतर्क

पुलिस ने बताया कि होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related posts

राहुल गांधी ने अभनपुर में कांग्रेस जिला अध्यक्षों को दी ट्रेनिंग, टपरी पर चाय पीकर दिल्ली लौटे

भिलाई में 19 साल के छात्र ने हॉस्टल में किया सुसाइड

दुर्ग में डिप्टी CM साव ने किया योग, सांसद बोले-PM ने दिलाई वैश्विक प्रतिष्ठा