नाबालिग से अनाचार का आरोपी पंजाब से गिरफ्तार

नाबालिग से अनाचार का आरोपी पंजाब से गिरफ्तार, पामगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई।

जांजगीर-चांपा. पामगढ़ थाना पुलिस को नाबालिग बालिका से अनाचार के मामले में बड़ी सफलता मिली है। शादी का झांसा देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामले का विवरण

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 अक्टूबर 2025 को थाना पामगढ़ में नाबालिग बालिका के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर अपराध क्रमांक 486/2025 कायम किया गया था। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी रवि यादव बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी और तकनीकी निगरानी की जा रही थी। साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन पंजाब में मिलने पर टीम गठित कर उसे गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगा ले जाना और उसके साथ अनाचार करना स्वीकार किया।

आरोपी का विवरण

गिरफ्तार आरोपी रवि यादव (20 वर्ष) पिता हबीब लाल, निवासी दर्री, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा का रहने वाला है।

आरोपी के विरुद्ध धारा 137(2), 87, 64(2)(एम) भारतीय न्याय संहिता तथा पॉक्सो एक्ट 2012 की धारा 4 एवं 6 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, सहायक उप निरीक्षक रामदुलार साहू, महिला प्रधान आरक्षक मंजू सिंह, आरक्षक उमेश दिवाकर एवं महिला आरक्षक सविता पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related posts

राहुल गांधी ने अभनपुर में कांग्रेस जिला अध्यक्षों को दी ट्रेनिंग, टपरी पर चाय पीकर दिल्ली लौटे

भिलाई में 19 साल के छात्र ने हॉस्टल में किया सुसाइड

दुर्ग में डिप्टी CM साव ने किया योग, सांसद बोले-PM ने दिलाई वैश्विक प्रतिष्ठा