भिलाई। A laborer was brutally murdered in Durg, his head crushed to death with a stone. जेवरा चौकी क्षेत्र के करहीडीह में शनिवार रात एक शादीशुदा मजदूर की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी ने पत्थर के भारी बोल्डर से उसके सिर और चेहरे को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
यह भी पढ़ेः भिलाई में रंजिश का खूनी अंत: टंगिए से वार कर युवक की हत्या, आरोपी फरार
मजदूरों के बीच विवाद की आशंका
चौकी प्रभारी खगेन्द्र पठारे ने बताया कि मृतक की पहचान बेरला निवासी नारायण निषाद के रूप में हुई है, जो करहीडीह में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता था। प्रारंभिक जांच में मजदूरों के बीच आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
पारिवारिक विवाद के बाद भिलाई में रह रहा था
चौकी प्रभारी ने बताया कि नारायण निषाद की पत्नी करहीडीह स्थित अपने मायके में रह रही थी। दोनों के बीच विवाद के बाद वह अलग रह रही थी। इसके चलते नारायण भी बेरला से आकर भिलाई में रहने लगा और रोजी-रोटी के लिए मजदूरी करने लगा।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
जेवरा चौकी प्रभारी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी का सुराग मिल सके। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।