CG Prime News@दुर्ग/भिलाई. वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर के सूने मकान में हुई करीब एक करोड़ रुपये की बड़ी चोरी के मामले में दुर्ग पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में नकदी, सोने-चांदी और अन्य कीमती आभूषण चोरी किए गए थे। कार्रवाई के दौरान 47 लाख 64 हजार रुपये नकद, आभूषण, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। मामले का मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अभी फरार बताया गया है।
एक सप्ताह के लिए बाहर गया था परिवार
पुलिस के मुताबिक सुंदर नगर निवासी डॉक्टर नमिता मित्तल 17 अक्टूबर को परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गई थीं। 23 अक्टूबर की सुबह लौटने पर अलमारी में रखी नकदी और सोने, चांदी व डायमंड के आभूषण गायब मिले। शिकायत के आधार पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली नगर थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम बनाई गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची। जांच के दौरान पुलिस टीम ने छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में भी लगातार दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की तलाश गोंदिया, नागपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज और भदोही तक की गई। उत्तर प्रदेश में एक आरोपी प्रदीप कुमार चौधरी को पकड़ा गया, जिसकी निशानदेही पर जमीन के नीचे छिपाई गई नकदी और आभूषण बरामद किए गए।
चोरी के आभूषण खरीदने वाले ज्वेलर्स पर भी कार्रवाई
जांच में चोरी के कुछ सोने के आभूषण कम कीमत पर ज्वेलर्स को बेचने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने भदोही के एक ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कुछ आभूषणों को गलाकर उनका स्वरूप बदलने का प्रयास किया गया था। पुलिस इस संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
तड़के 3 बजे घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ आरोपी चोरी का माल लेकर दूसरे स्थान पर जाने की तैयारी में हैं। इसके बाद अलग-अलग रास्तों पर घेराबंदी की गई। पुलिस के मुताबिक, तड़के करीब 3 बजे आरोपियों को वाहनों के साथ घेरकर पकड़ा गया। इस दौरान नकदी और आभूषणों के साथ एक इनोवा वाहन भी जब्त किया गया।
चोरी की रकम से खरीदी गई कार और बाइक भी जब्त
विवेचना में यह भी सामने आया कि चोरी की रकम का उपयोग निजी खर्चों और वाहन खरीदने में किया गया। पुलिस ने चोरी की रकम से खरीदी गई एक एक्सयूवी कार और सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ की तलाश के लिए विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस ने नागरिकों से लंबे समय तक घर सूना छोड़ने से पहले स्थानीय पुलिस को सूचना देने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल डायल 112 पर देने की अपील की है।