CG Prime News@दुर्ग. Big road accident in kumhari durg दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे जा टकराई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दो बच्चियों समेत 4 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में एक वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्कूटी पर पांच लोग थे सवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कूटी (CG 07 DE 5847) पर कुल पांच लोग सवार थे। तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कूटी सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनके परिजनों का पता लगाने और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
हाईवे पर सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
इस हादसे के बाद एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर बिना पर्याप्त संकेतक लगाए वाहनों को खड़ा करना गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है।