CG Prime News@बालोद. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 13 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के तीन युवकों ने बच्ची को डराकर एक मकान में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की। घटना 14 अक्टूबर की शाम की बताई जा रही है। उसी रात बच्ची बेहोशी की हालत में एक परिचित के घर मिली थी। घटना के करीब 12 दिन बाद पीड़िता ने अपनी मां को आपबीती बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। रनचिरई थाना पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पेन खरीदने निकली थी छात्रा, रात में मिली बेहोश
शिकायत के मुताबिक, पीड़िता गांव के सरकारी पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा आठवीं की छात्रा है। 14 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वह पेन खरीदने के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन शुरुआती प्रयासों में उसका पता नहीं चला। रात करीब 11 बजे परिवार को सूचना मिली कि बच्ची गांव के एक परिचित के घर बेहोशी की हालत में है। परिजन वहां पहुंचे और उसे गुंडरदेही अस्पताल ले गए। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अगले दिन उसे घर लाया गया।
डर के कारण नहीं बता पाई घटना, 26 अक्टूबर को मां से किया खुलासा
परिजनों के अनुसार, घर लौटने के बाद से छात्रा डरी-सहमी और गुमसुम रहने लगी थी। आरोप है कि घटना वाली शाम दो युवक उसे डराकर एक मकान में ले गए और वहां तीसरे युवक को भी बुला लिया। इसके बाद तीनों पर बच्ची के साथ जबरदस्ती करने का आरोप है।काफी समय तक वह घटना के बारे में कुछ नहीं बता सकी। 26 अक्टूबर को उसने अपनी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत करने का निर्णय लिया।
BNS और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
पीड़िता की मां 27 अक्टूबर को परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ रनचिरई थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 70(2), 137(2) और 127(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) और 6 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने 28 अक्टूबर को तीनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया। उनकी उम्र 17 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।