CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिले के थाना वैशाली नगर पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर रायपुर स्थित AIIMS में स्टाफ नर्स की नौकरी लगवाने का झांसा देकर 14 लाख 50 हजार रुपये लेने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कॉलेज मित्र पर भरोसा पड़ा भारी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मुकेश कोसरे निवासी वृंदा नगर कैंप-1 भिलाई ने जनवरी 2026 में थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसका कॉलेज मित्र अभिषेक जयसवाल खुद की बड़े अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों से पहचान होने की बात कहता था। आरोपी ने रायपुर AIIMS में स्टाफ नर्स के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और इसके एवज में रकम की मांग की।
प्रार्थी ने आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए सितंबर 2021 से अक्टूबर 2022 के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 14.50 लाख रुपये उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए। लंबे समय तक जॉइनिंग लेटर देने और पैसे लौटाने का आश्वासन मिलता रहा, लेकिन बाद में आरोपी फरार हो गया।
साइबर सेल की मदद से लखनऊ में मिला आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना वैशाली नगर पुलिस और साइबर सेल भिलाई ने आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण शुरू किया। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन उत्तर प्रदेश के लखनऊ में मिली। इसके बाद पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर रकम लेने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।
पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन बड़ी रकम न दें। सरकारी संस्थानों में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होती है और किसी निजी व्यक्ति के माध्यम से नौकरी दिलाने के दावों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर धोखाधड़ी की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी गई है।