CG Prime News@सिक्किम. सिक्किम के नामची जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मामरिंग स्थित समरदुंग सुरंग पर लैंडस्लाइड होने से टनल का एंट्री गेट बंद हो गया, जिससे अंदर मौजूद 27 मजदूर फंस गए। प्रशासन ने पुष्टि की है कि इस हादसे में अब तक 10 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 17 मजदूरों के अब भी सुरंग में फंसे होने की आशंका है।
मृतकों में 3 की पहचान बाकी
एसपी सोनम डोल्मा ने बताया कि मृतकों में से तीन मजदूरों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उन्होंने यह भी कहा कि फंसे हुए मजदूरों की वास्तविक संख्या 27 से कम या ज्यादा भी हो सकती है, क्योंकि हादसे के समय सुरंग में मौजूद श्रमिकों की सटीक जानकारी जुटाई जा रही है।
मीथेन गैस रिसाव से रेस्क्यू प्रभावित
हादसे के बाद सुरंग में मीथेन गैस लीक होने की आशंका जताई गई है। बचाव कार्य के दौरान कई रेस्क्यू कर्मियों को चक्कर आने लगे, जबकि कुछ बेहोश भी हो गए। इस कारण राहत एवं बचाव अभियान को सावधानीपूर्वक आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला अधिकारी तमलिंग ने बताया कि प्रशासन को दोपहर करीब 3:40 बजे हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF), जिला पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
बंगाल से लाई गई स्पेशल रेस्क्यू टीम
प्रशासन के अनुसार, सुरंग में पटेल इंजीनियरिंग के 21 और एनएचपीसी के 6 मजदूर समेत कुल 27 श्रमिक फंसे होने की संभावना है। गैस-रोधी उपकरणों से लैस पश्चिम बंगाल की एक विशेष रेस्क्यू टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
बचाव दल गैस मास्क पहनकर सुरंग के अंदर मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है। घटनास्थल पर एंबुलेंस को भी तैयार रखा गया है, ताकि मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालते ही तत्काल चिकित्सा सहायता दी जा सके। यह समरदुंग सुरंग तीस्ता स्टेज-6 हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसका निर्माण पटेल इंजीनियरिंग कंपनी द्वारा किया जा रहा था।