रायगढ़ में बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध मौत, घर के अंदर पति-पत्नी की मिली अधजली लाश

रायगढ़ में बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध मौत, घर के अंदर पति-पत्नी की मिली अधजली लाश

CG Prime News@रायगढ़.Suspicious death of elderly couple in Raigarh  छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। क्रोंधा गांव स्थित घर के अंदर 65 वर्षीय मंगलूराम राठिया और उनकी पत्नी पुनई बाई राठिया के अधजले शव मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की टीम को मौके पर बुलाकर जांच शुरू कर दी है।

खेती के लिए गांव में बस गए थे दंपती

जानकारी के अनुसार, मंगलूराम राठिया मूल रूप से घरघोड़ा के औरामुड़ा गांव के निवासी थे। वे एसईसीएल से लोडर ऑपरेटर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। करीब पांच वर्ष पहले उन्होंने क्रोंधा गांव में लगभग चार एकड़ कृषि भूमि खरीदी और वहां मकान बनाकर पत्नी के साथ खेती करने लगे थे। मंगलवार रात दोनों घर में मौजूद थे, लेकिन बुधवार सुबह उनका शव संदिग्ध हालत में मिला।

काम पर पहुंचे कर्मचारी ने दी घटना की सूचना

मृतक के दामाद वीर सिंह के अनुसार, खेती और घर की देखरेख के लिए एक व्यक्ति को रखा गया था। बुधवार सुबह जब वह काम पर पहुंचा तो घर के अंदर दोनों के शव देखकर स्तब्ध रह गया। इसके बाद उसने ग्रामीणों, सरपंच और पुलिस को सूचना दी। परिजनों का कहना है कि घटना पहली नजर में हत्या का मामला प्रतीत होती है।

फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड कर रहे जांच

सूचना मिलते ही पुलिस टीम, वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

रायगढ़ में बढ़ रहे हत्या के मामले

गृह विभाग के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 1 जुलाई 2024 से 30 जून 2026 के बीच रायपुर में सर्वाधिक 169 हत्या के मामले दर्ज हुए। इसके बाद जशपुर और रायगढ़ में 114-114, दुर्ग और सरगुजा में 113-113 तथा बिलासपुर में 109 हत्या के मामले दर्ज किए गए। ताजा घटना ने जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।

 

Related posts

नकटी बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस की पदयात्रा, राज्यपाल से मुलाकात नहीं, उग्र आंदोलन की चेतावनी

मूकबधिर दिव्यांग युवाओं के लिए 17 जुलाई को प्लेसमेंट कैंप, नौकरी का सुनहरा मौका

CG राज्य महिला आयोग अध्यक्ष पद पर घमासान, ममता ने पद संभाला, किरण बोली-ये गलत है