हजारों CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस
रायपुर. न्यू बस स्टैंड भाठागांव से चोरी हुई बस के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा Tikrapara Police Station Raipur की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बस बरामद कर ली है। इस कार्रवाई में पुलिस ने हजारों CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंच बनाई।
रात में बस खड़ी कर गया था चालक
प्रार्थी अब्दुल अलीम ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह डुमतराई में बस ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है। 6 मार्च 2026 की रात करीब 7:30 बजे बस क्रमांक CG 07 E 0782 को चालक ने न्यू बस स्टैंड भाठागांव में खड़ा किया और चाबी सीट के नीचे रखकर घर चला गया। अगली सुबह जब चालक बस स्टैंड पहुंचा तो बस वहां से गायब थी। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
तकनीकी जांच से मिली अहम जानकारी
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में एक व्यक्ति बस को खुद चलाकर ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने संभावित रास्तों में लगे कैमरों के फुटेज और बस में लगे फास्टैग के आधार पर विभिन्न टोल प्लाजा से जानकारी जुटाई। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान मनबोध रात्रे उर्फ टेटू निवासी कोरबा के रूप में हुई।
जांजगीर-चांपा में घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी Akaltara क्षेत्र के ग्राम तरौंद में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बस स्टैंड में हेल्पर का काम करता था और बसों की गतिविधियों से परिचित था। मौके का फायदा उठाकर उसने बस की चाबी उठाई और बस चोरी कर ले गया।
10 लाख की बस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बस जब्त कर ली है, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।