भिलाई सेंट्रल एवेन्यू में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, दो युवकों की मौत

भिलाई सेंट्रल एवेन्यू में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, दो युवकों की मौत

CG Prime News@भिलाई. भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से इतनी जोरदार टकराई कि उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और भिलाई नगर पुलिस को सूचना दी।

सुबह 4 से 5 बजे के बीच हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। शुरुआती जांच में पता चला है कि कार सेक्टर-9 से सेक्टर-6 की ओर जा रही थी। इसी दौरान सेंट्रल एवेन्यू रोड पर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान

हादसे में दीपक गुप्ता (23) और कौशिक दास (15) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों भिलाई के सेक्टर-6 के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

भिलाई सेंट्रल एवेन्यू में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, दो युवकों की मौत

कार कौन चला रहा था, जांच जारी

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ड्राइविंग सीट पर कौन था और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

भिलाई नगर पुलिस ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फुटेज से यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना से पहले वाहन किस दिशा में जा रहा था।

Related posts

दुर्ग: छात्रों से मारपीट, सरकारी स्कूल की प्रधान पाठिका सस्पेंड, बच्चों ने लगाए गंभीर आरोप

संसद के बाहर NDA और विपक्ष आमने-सामने, NEET पेपर लीक पर हंगामा, दोनों सदन स्थगित

सोनम वांगचुक के धरने में दिल्ली जा रहे छत्तीसगढ़ के युवक की रोड एक्सीडेंट में मौत