डोंगरगढ़ में डबल मर्डर से सनसनी: घर में घुसकर मां-बेटे की हत्या, बेटी गंभीर

डोंगरगढ़ में डबल मर्डर से सनसनी: घर में घुसकर मां-बेटे की हत्या, बेटी गंभीर

CG Prime News@डोंगरगढ़. Dongargarh double murder case छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में मां और बेटे की हत्या से इलाके में दहशत फैल गई है। चौथना गांव में शुक्रवार रात एक आरोपी ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में कमला सोनकर और उनके बेटे हमेंद्र सोनकर की जान चली गई। वहीं, उनकी बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कमला सोनकर का परिवार सब्जी बेचकर गुजर-बसर करता है। घटना के समय घर में मौजूद परिवार के सदस्यों पर अचानक हमला किया गया। वारदात के दौरान कमला के पति घर से बाहर थे।

गंभीर हालत में बेटी को रायपुर किया गया रेफर

हमले की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल ममता सोनकर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर करने का निर्णय लिया गया। जानकारी के मुताबिक, घायल युवती को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। फिलहाल रायपुर में उसका उपचार जारी है। परिवार में हुई इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है।

पारिवारिक रंजिश की आशंका, रिश्तेदार पर संदेह

पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद या रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है। घटना में परिवार के ही एक रिश्तेदार की संलिप्तता को लेकर संदेह सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आरोपी की भूमिका और हत्या के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस कर रही जांच, जल्द खुलासे की उम्मीद

डोंगरगढ़ पुलिस घटनास्थल पर जांच कर रही है। आरोपी की तलाश के साथ वारदात से जुड़े तथ्यों और संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरी नंदन नायक के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घायल युवती को उपचार के लिए रायपुर भेजा गया है और पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related posts

भिलाई में मतदाता सूची सुधारने के नाम पर 6.25 लाख की ठगी, चुनाव आयोग का अधिकारी बनकर भेजा WhatsApp लिंक

दुर्ग में 8,882 श्रमिकों के खातों में पहुंचे 3.64 करोड़ रुपये, CM ने किया DBT ट्रांसफर

हाईवे पर गरबा ड्रेस पहनकर पिस्टल लहराया, गुंडी गर्ल्स गैंग पहुंची सलाखों के पीछे