CG Prime News@दुर्ग.durg pulse polio campaign 2026 first day 81 percent children vaccinated राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के पहले दिन दुर्ग जिले में स्वास्थ्य विभाग को उत्साहजनक सफलता मिली। जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के निर्धारित बच्चों में से लगभग 81 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। अभियान का शुभारंभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोटियाकला में जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
जिलेभर में बूथों पर चला विशेष अभियान
पल्स पोलियो अभियान के तहत दुर्ग, भिलाई, पाटन, धमधा और निकुम सहित जिले के सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई। अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी बूथों पर पहुंचकर बच्चों को दवा पिलाई और अभिभावकों को पोलियो से बचाव के प्रति जागरूक किया। जिला प्रशासन के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने पूरे जिले में अभियान की लगातार निगरानी की।
नवजात शिशुओं को भी जन्म के साथ दी गई खुराक
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. दिव्या श्रीवास्तव ने बताया कि पहले दिन अभिभावकों की भागीदारी उत्साहजनक रही। जिला अस्पताल दुर्ग में जन्मे 9 नवजात शिशुओं को जन्म के तुरंत बाद पोलियो की खुराक दी गई। इसके अलावा सेक्टर-9 बीएसपी अस्पताल और विभिन्न निजी नर्सिंग होम में जन्मे नवजातों को भी पोलियो ड्रॉप पिलाई गई।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बस्तियों तक पहुंचीं टीमें
स्वास्थ्य विभाग की ट्रांजिट और मोबाइल टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, टेम्पो स्टैंड, झुग्गी-बस्तियों, ईंट भट्ठों, फैक्ट्री क्षेत्रों तथा नदी किनारे बसे इलाकों में पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। विभिन्न विकासखंडों में स्वास्थ्य अधिकारियों ने अभियान की निगरानी करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
29 और 30 जून को चलेगा घर-घर अभियान
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान के दूसरे और तीसरे दिन 29 एवं 30 जून को घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जो पहले दिन किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच सके। विभाग का लक्ष्य जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाकर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाना है।