महापौर परिषद में जनहित प्रस्तावों को मंजूरी

भिलाई नगर निगम की महापौर परिषद बैठक में विकास एवं जनहित प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।

भिलाईनगर | नगर पालिक निगम भिलाई की महापौर परिषद की बैठक में शहर के विकास एवं जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता तथा निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय की उपस्थिति में आयोजित हुई, जिसमें नगर विकास, अधोसंरचना एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैकहो लोडर खरीद को हरी झंडी

बैठक में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत नगर निगम के लिए 5 नग बैकहो लोडर क्रय करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। मेसर्स जी.के. ऑटोव्हील प्रा. लि., रायपुर द्वारा प्रस्तुत न्यूनतम दर 25 लाख रुपये प्रति नग के अनुसार कुल 1 करोड़ 25 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। इससे सफाई, निर्माण एवं आपात कार्यों में निगम की कार्यक्षमता बढ़ने की उम्मीद जताई गई है।

सर्विस रोड निर्माण से सुधरेगी यातायात व्यवस्था

जोन-3 क्षेत्र में जी.ई. रोड के समानांतर चंद्रा मौर्या टाकिज से नगर निगम जोन-3 कार्यालय होते हुए बजाज शोरूम तक सर्विस रोड निर्माण प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। परिषद ने यातायात दबाव कम करने और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस कार्य को स्वीकृति प्रदान की।

आवास योजना निधि के उपयोग पर नया निर्णय

प्रधानमंत्री आवास योजना (सबके लिए आवास मिशन) के एएचपी घटक अंतर्गत 90 प्रतिशत राशि जमा करने वाले हितग्राहियों को 10 प्रतिशत अंशदान देने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था। हालांकि परिषद ने निर्णय लिया कि उक्त राशि का उपयोग गरीब एवं गंदी बस्तियों में जलापूर्ति तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सेवाओं के विकास कार्यों में किया जाएगा, जिससे अधिक लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।

बैठक में अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में महापौर परिषद के सदस्य, अपर आयुक्त, जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता, स्वास्थ्य अधिकारी, लेखाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शहर के विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Related posts

छत्तीसगढ़- 33% महिला आरक्षण लागू करने शासकीय संकल्प होगा पेश

दुर्ग में मंत्री गजेंद्र की समीक्षा बैठक, बोले-जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें

भिलाई के खुर्सीपार में 18 साल का लड़का 3.200 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार