गांजा पैकिंग हाइडआउट पर पुलिस की दबिश, दो गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने हाईटेक हाइडआउट पर छापा मारकर 7.397 किलो गांजा और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए।

रायपुर | राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा पैकिंग और फुटकर बिक्री के लिए बनाए गए हाईटेक हाइडआउट का भंडाफोड़ किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।

मुखबिर सूचना पर की गई कार्रवाई

डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 23-24 फरवरी की दरम्यानी रात पुलिस को सूचना मिली कि नेहरू नगर नरैय्या तालाब क्षेत्र में दो व्यक्ति गांजा की पुड़िया बनाकर बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी।

मौके से अब्दुल जाफर (32 वर्ष) निवासी नेहरू नगर और सुनील जगत (28 वर्ष) निवासी सुदामा नगर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से गांजा की पुड़िया और नगद राशि बरामद हुई।

हाईटेक हाइडआउट का खुलासा

पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताए गए स्थान पर नेहरू नगर कालीबाड़ी क्षेत्र स्थित नाले के पास बने हाइडआउट में पुलिस ने छापा मारा। यहां से दो प्लास्टिक बोरियों में रखा कुल 7 किलो 397 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹85,000 बताई गई है, बरामद किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए ठिकाने पर मोशन सेंसर और सीसीटीवी कैमरे लगाए हुए थे। साथ ही गांजा पैकिंग के लिए प्लास्टिक झिल्ली, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई।

नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस के अनुसार कार्रवाई केवल फुटकर विक्रेताओं तक सीमित नहीं रहेगी। गांजा सप्लाई नेटवर्क और बैकवर्ड लिंक की भी गहन जांच की जा रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(b) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 24 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related posts

छत्तीसगढ़- 33% महिला आरक्षण लागू करने शासकीय संकल्प होगा पेश

दुर्ग में मंत्री गजेंद्र की समीक्षा बैठक, बोले-जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें

भिलाई के खुर्सीपार में 18 साल का लड़का 3.200 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार