CG Prime News@रायपुर. छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों की दो अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों की जान चली गई। मुंगेली जिले में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मृतकों में विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले भी शामिल हैं। दूसरी घटना बलौदाबाजार जिले में हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।
मॉर्निंग वॉक पर निकले BJP विधायक के भाई को अज्ञात वाहन ने कुचला, MLA के भाई सहित 3 की मौत
मुंगेली में मॉर्निंग वॉक के दौरान हादसा, तीन की मौत
मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के दशरंगपुर गांव में गुरुवार सुबह यह दुर्घटना हुई। जानकारी के अनुसार, अधीन मोहले, बल्लू बघेल और गंगा राम सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक पुन्नूलाल मोहले अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि दी। अधीन मोहले का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम दशरंगपुर में किया जाएगा। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।
बलौदाबाजार में खड़े ट्रक से टकराई बाइक
दूसरी दुर्घटना बुधवार रात बलौदाबाजार जिले के रायपुर-पलारी मार्ग पर घोटिया मोड़ के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, कोरासी गांव निवासी प्रेम धीवर (18) अपने मौसेरे भाइयों राज धीवर (18) और खिलेश्वर धीवर (18) के साथ बाइक से पलारी जा रहा था। नवरात्रि के अवसर पर निकले तीनों युवकों की बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। प्रेम धीवर की बलौदाबाजार में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, राज और खिलेश्वर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
तीनों युवकों की उम्र 18 साल, परिवारों में मातम
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक 18 वर्ष के थे। प्रेम और खिलेश्वर कोरासी गांव के रहने वाले थे, जबकि राज धीवर पलारी में रहता था। तीनों आपस में मौसेरे भाई थे। प्रेम अपने पिता के होटल में काम करता था। नवरात्रि के दौरान पलारी जाते समय हुई दुर्घटना ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।