अरुणाचल प्रदेश में उग्रवादी हमला, असम राइफल्स का जवान शहीद, 4 घायल

अरुणाचल प्रदेश में उग्रवादी हमला, असम राइफल्स का जवान शहीद, 4 घायल

CG Prime News@दिल्ली.Militant attack in Arunachal Pradesh; Assam Rifles soldier martyred.  अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले से बड़ी खबर सामने आई है। भारत-म्यांमार सीमा के पास मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों पर उग्रवादियों ने हमला कर दिया। नामपोंग सर्कल के नामपोंग नाले के पास हुई इस गोलीबारी में असम राइफल्स का एक जवान शहीद हो गया। 4 अन्य जवान घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

गश्त के दौरान जवानों पर हुई फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, असम राइफल्स के जवान मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान घात लगाकर गोलीबारी की गई। हमले में 42 वर्षीय हवलदार जानखोकाई कुकी शहीद हो गए। चार अन्य जवानों के घायल होने की सूचना है। घटना उस क्षेत्र में हुई है, जहां भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने का काम भी चल रहा है।

NSCN-K-YA पर हमले का शक

शुरुआती जांच और खुफिया रिपोर्टों के आधार पर हमले के पीछे नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड (NSCN-K-YA) गुट के उग्रवादियों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मामले में सुरक्षा एजेंसियों की जांच जारी है और हमले से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।

जंगलों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान

हमले की सूचना मिलते ही भारतीय सेना और जिला पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। सुरक्षा बलों ने आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान शुरू किया है। बताया गया है कि हमले के बाद फरार हुए संदिग्ध उग्रवादियों की तलाश में अभियान को और तेज किया गया है। पूर्वोत्तर क्षेत्र में तैनात सीमा सुरक्षा एजेंसियों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। भारत-म्यांमार सीमा से लगे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस जुटा रही घटना की जानकारी

चांगलांग के SP किर्ली पाडु ने घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने चांगलांग पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। चांगलांग जिले का भारत-म्यांमार सीमा क्षेत्र लंबे समय से सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। सीमा के आसपास और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार सक्रिय विद्रोही समूहों की संभावित आवाजाही के चलते सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी रखती हैं। फिलहाल सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान जारी है।

Related posts

बलरामपुर में 22 हजार रिश्वत लेते नान DMO गिरफ्तार, ACB ने रंगे हाथों पकड़ा

पाटन चुनाव याचिका पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला, भूपेश बघेल की आपत्ति पर हाईकोर्ट में होगी सुनवाई