CG Prime News@दिल्ली. Mamata Banerjee says: “I will not resign from the post of Chief Minister.” पश्चिम बंगाल में टीएमसी की करारी हार से बौखलाई ममता बनर्जी ने मंगलवार को कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा- मैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दूंगी। हम जनादेश से नहीं, साजिश से हारे हैं। इसलिए इस्तीफा देने राजभवन नहीं जाऊंगी।
भाजपा पर लगाया गंभीर आरोप
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया- भाजपा ने काउंटिंग सेंटरों पर कब्जा कर लिया था। मेरे साथ बदसलूकी की। उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं के साथ अत्याचार किया। पार्टी और इंडिया गठबंधन के नेता मेरे साथ हैं। हम फिर से उभरेंगे और शेर की तरह लड़ेंगे।
100 सीटें लूटी गईं
ममता ने आगे कहा- चुनाव आयोग असली विलेन है। उसने भाजपा के साथ मिलकर 100 सीटें लूटीं। अब मेरे पास कोई कुर्सी नहीं है, मैं आजाद पंछी हूं। कहीं से भी चुनाव लड़ सकती हूं, सड़कों पर रहूंगी। चुनाव से दो दिन पहले हमारे लोगों को गिरफ्तार किया गया। जगह-जगह छापे मारे गए। IPS-IAS अधिकारियों का तबादला किया गया। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री इसमें सीधे तौर पर शामिल हैं।
भाजपा ने 207 सीटें जीत ली
पश्चिम बंगाल सहित 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को आ चुके हैं। बंगाल में BJP ने 293 में से 207 सीटें जीत ली हैं। पार्टी 9 मई को राज्य में पहली बार सरकार बनाने जा रही है। TMC सिर्फ 80 सीटें जीत सकी। 15 साल बाद ममता के हाथ से सत्ता चली गई है।
केरलम में कांग्रेस, असम-पुडुचेरी में NDA; तमिलनाडु में TVK जीती
पश्चिम बंगाल के अलावा तमिलनाडु, असम, केरलम और पुडुचेरी विधानसभा के रिजल्ट भी आ गए हैं। असम और पुडुचेरी में एनडीए ने वापसी की। बंगाल के अलावा तमिलनाडु और केरलम में सरकारें बदल गईं।
तमिलनाडु में एक्टर थलपति विजय की 2 साल पुरानी पार्टी TVK ने सबसे ज्यादा सीटें लाकर चौंका दिया। 59 साल में पहली बार राज्य में ऐसी सरकार बनने जा रही है, जिसमें DMK या AIADMK नहीं होगी। दो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और एमके स्टालिन अपनी सीट से चुनाव हार गए।