कांकेर। ₹70 crore investment fraud exposed in Kanker; two accused arrested. उत्तर बस्तर कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी में निवेश कराने के नाम पर करीब 500 लोगों से लगभग 70 करोड़ रुपये की राशि जुटाई गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह भी पढ़ेः हाईटेक अस्पताल की रकम में 32 लाख का गबन, कैशियर गिरफ्तार
5 प्रतिशत ब्याज और डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का लालच
पुलिस के मुताबिक, महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज के संचालकों की ओर से लोगों को कंपनी में पैसा लगाने पर 5 प्रतिशत ब्याज या कमीशन देने तथा करीब डेढ़ साल में निवेश की रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया गया था। इस कथित निवेश योजना के जरिए कांकेर के अलावा दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर और अन्य इलाकों के लोगों से रकम निवेश कराई गई।
सरकारी कर्मचारियों को लोन लेकर निवेश के लिए किया प्रेरित
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सरकारी कर्मचारियों सहित अन्य लोगों को अलग-अलग बैंकों से लोन लेने के लिए भी प्रेरित किया। पुलिस के अनुसार, लोगों से प्राप्त राशि कंपनी में निवेश कराने के बाद शुरुआत में कुछ किश्तों का भुगतान किया गया। इसके बाद भुगतान बंद हो गया और निवेशकों को अपनी रकम वापस मिलने में परेशानी होने लगी।
साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांकेर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। साइबर सेल कांकेर और अंतागढ़ थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की। कार्रवाई के दौरान दयाशंकर साहू को ग्राम ढेलका, साजा, जिला बेमेतरा से और नितिन निर्मलकर को रायपुर से पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। अंतागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 420, 120(बी), 112 और 34 भादवि में मामला दर्ज किया गया है।
कांकेर पुलिस ने लोगों से की अपील
कांकेर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि कम समय में पैसा दोगुना करने, असामान्य ब्याज या अधिक मुनाफे का दावा करने वाली निवेश योजनाओं में बिना जांच के पैसा न लगाएं। किसी कंपनी या व्यक्ति को रकम देने से पहले उसकी वैधानिकता और विश्वसनीयता की जांच करें। आर्थिक धोखाधड़ी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने इसके लिए 94791-55125 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।