इंडियन नेवी का जवान पाकिस्तानी एजेंट के हनीट्रैप में फंसा, कोयंबटूर से गिरफ्तार

इंडियन नेवी का जवान पाकिस्तानी एजेंट के हनीट्रैप में फंसा, कोयंबटूर से गिरफ्तार

CG Prime News@दिल्ली. Indian Navy Pakistani agent honey-trap case आंध्र प्रदेश पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (CI) सेल ने भारतीय नौसेना के एक जवान को कथित तौर पर रक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जवान की पहचान प्रदीप मुखर्जी के रूप में हुई है। उसे तमिलनाडु के कोयंबटूर से हिरासत में लिया गया। जांच में पाकिस्तानी महिला खुफिया एजेंट के जरिए हनीट्रैप में फंसाए जाने का एंगल भी सामने आया है।

सोशल मीडिया से शुरू हुई थी बातचीत

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदीप से कुछ महीने पहले सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला ने संपर्क किया था। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकी हुई और इसी दौरान महिला ने कथित तौर पर विशाखापट्टनम स्थित नौसैनिक प्रतिष्ठान से जुड़ी जानकारी हासिल की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जवान ने वास्तव में कौन-कौन सी सूचनाएं साझा कीं और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया।

INS अग्रणी से पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रदीप कोयंबटूर के रेड फील्ड्स क्षेत्र स्थित INS अग्रणी में मैनेजमेंट डेवलपमेंट कोर्स कर रहा था। पुलिस की विशेष टीम शनिवार सुबह संस्थान पहुंची और उसे हिरासत में लिया। स्थानीय पुलिस को भी कार्रवाई की जानकारी दी गई। इसके बाद आरोपी को स्थानीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट वारंट मिलने के बाद उसे विजयवाड़ा स्थित काउंटर इंटेलिजेंस मुख्यालय ले जाया गया।

जानकारी लीक होने की जांच

जांच एजेंसियों के अनुसार, कथित तौर पर लीक की गई जानकारी में रणनीतिक नौसैनिक संसाधनों, जहाजों की आवाजाही और ऑपरेशनल व्यवस्थाओं से संबंधित सूचनाएं शामिल हो सकती हैं। हालांकि, इन सूचनाओं की वास्तविक प्रकृति और संवेदनशीलता की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी।

डिजिटल लेनदेन और भुगतान की भी पड़ताल

CI सेल यह भी जांच कर रही है कि जानकारी साझा करने के बदले प्रदीप को किसी तरह का आर्थिक लाभ मिला था या नहीं। इसके लिए हवाला नेटवर्क के साथ-साथ डिजिटल पेमेंट और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

2014 में नौसेना में शामिल हुआ था जवान

प्रदीप वर्ष 2014 में भारतीय नौसेना में नाविक के तौर पर शामिल हुआ था। वह ईस्टर्न नेवल कमांड के तहत विशाखापट्टनम में तैनात रहा है। करीब एक सप्ताह पहले ही वह कोयंबटूर में मैनेजमेंट डेवलपमेंट कोर्स के लिए पहुंचा था। संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों के आधार पर जांच एजेंसियां उसकी ऑनलाइन बातचीत और संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं।

Related posts

IPS डांगी पर लगा यौन उत्पीडऩ का आरोप जांच में मिला सही, अधिकारी की बढ़ी मुश्किलें

विवाहिता युवती को प्रेमजाल में फंसाकर बंधक बनाने का आरोप, युवक गिरफ्तार

रायगढ़ में इंटर स्टेट लकड़ी तस्करी सिंडिकेट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार