CG Prime News@दुर्ग. Son Attacks Parents with Sickle After Being Denied Mobile Phone in durg दुर्ग जिले जामुल थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से बीमार बेटे ने अपने ही माता-पिता पर सब्जी काटने वाले हसिए से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वजह सिर्फ इतनी रही कि युवक मोबाइल की जिद्द कर रहा था। पिता ने गले का धागा निकालने के बाद मोबाइल देने की बात कही तो वह आक्रोशित हो गया और बेकाबू होकर सीधे अपने माता-पिता पर ही हमला कर दिया। माता-पिता की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी घर की ओर दौड़े और युवक से हशिया छीनकर उसके हाथ को रस्सी से बांध दिया।
बेटे को अस्पताल ले जाने की थी तैयारी
बेटे के हमले में मां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि पिता को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने आरोपी बेटे को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। जामुल निवासी दिनेश साहू (50) और उनकी पत्नी खिलेश्वरी साहू (47) अपने बेटे राकेश साहू को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। बताया जा रहा है कि राकेश का इलाज कुरुद स्थित चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इसी सिलसिले में परिवार उसे अस्पताल लेकर जा रहा था।
पिता से मोबाइल मांगा
अस्पताल जाने से पहले राकेश ने अपने पिता से मोबाइल मांगा। पिता ने उसे बाद में मोबाइल देने की बात कही। इसी बात से राकेश नाराज हो गया। देखते ही देखते उसने अपना आपा खो दिया और हसिए से पहले पिता पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने मां पर भी लगातार कई वार कर दिए।
पुलिस कर रही कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में मोबाइल को लेकर हुए विवाद की बात सामने आई है। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि बेटा मोबाइल मांग रहा था। परिजनों ने उसे बाद में मोबाइल देने की बात कही थी। इसी बात से नाराज होकर उसने मां-पिता पर हसिए से हमला कर दिया। घायल मां और बेटे दोनों का रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में इलाज चल रहा है।