दुर्ग। Class 11 student commits suicide by hanging herself at home in Durg; police investigating. दुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत जंजगीरी गांव के लोहार पारा में 11वीं कक्षा की एक छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही भिलाई-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ेः दुर्ग-भिलाई में नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई, पुलिस ने 67 बच्चों के पालकों को बुलाया
घर में केवल दादा थे मौजूद
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय छात्रा के पिता किसी निजी कार्य से बस्तर गए हुए थे, जबकि उसकी मां मजदूरी के लिए घर से बाहर गई थी। घर में केवल छात्रा के बुजुर्ग दादा मौजूद थे। इसी दौरान छात्रा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
पढ़ाई में होशियार, पिता के काम में भी करती थी मदद
भिलाई तीन थाना पुलिस ने बताया कि मृतक छात्रा आत्मानंद स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी और पढ़ाई में काफी होनहार मानी जाती थी। पड़ोसियों के अनुसार वह अपने पिता के साथ गुपचुप ठेला लगाने में भी मदद करती थी और पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारियों में भी हाथ बंटाती थी। परिवार में उसकी एक बहन भी है।
सुसाइड नोट नहीं मिला, पुलिस कर रही जांच
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। भिलाई-3 थाना पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। छात्रा की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।