CG Prime News@बिलासपुर. Two seven-year-old girls raped in Bilaspur छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां एक 17 साल के नाबालिग ने सात साल की दो बच्चियों के साथ रेप किया है। पीडि़त बच्चियों की मां की शिकायत के बाद पुलिस एक्शन मोड में नहीं आई। मां ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है।
एसएसपी (SSP) से की शिकायत
पीडि़त पक्ष ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही बरतने, सबूत नहीं जुटाने, एफआईआर दर्ज करने में देरी करने, आरोपी लड़के को वीआईपी सुविधा देने और समझौते के लिए मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह से मिलकर शिकायत की गई जिसके बाद एएसआई (ASI) शीतला प्रसाद त्रिपाठी को बिलासपुर लाइन अटैच किया गया है।
पैसे की पेशकश की
पीडि़त बच्चियों की मां का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस आरोपी लड़के को पकडऩे के बजाय उसकी मां से बातचीत करने में लगी रही। लड़के की मां ने पुलिस को 10-20 हजार रुपए देने की पेशकश भी की थी। जब परिजनों ने गिरफ्तारी में देरी पर आपत्ति जताई, तब कहीं जाकर पुलिस लड़के को थाने लेकर आई।
यह है पूरा मामला
दरअसल 17 साल के एक नाबालिग ने चॉकलेट देने के बहाने 7 साल की दो बच्चियों से रेप किया। आरोपी ने उनके साथ मारपीट भी की। 27 मई को बच्चियों के परिजनों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। वह गलत काम करते समय बच्चियों को रस्सी से बांधकर रखता था। 29 मई को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार तो कर लिया, लेकिन मौके से सबूत जब्त नहीं किए।
पुलिस पर लगे लापरवाही के आरोप
वारदात से जुड़े सामान (रस्सी और दूसरी चीजों) और बाकी सबूतों की जानकारी पुलिस को तुरंत दी गई थी। उनसे इन चीजों को फौरन जब्त करने को कहा गया था, इसके बावजूद सिरगिट्टी पुलिस ने सबूतों को सुरक्षित रखने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।