भिलाई | Man arrested from Haryana for harassing a young woman by posting obscene content on Instagram. दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में एक युवती को लंबे समय तक सोशल मीडिया और वास्तविक जीवन दोनों माध्यमों से प्रताड़ित करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती का पीछा करने, छेड़छाड़ करने और इंस्टाग्राम पर उसकी निजी तस्वीरों का दुरुपयोग कर अश्लील एवं आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने का आरोप है। पुलिस ने तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ेः पत्नी के चरित्र पर शक बना जानलेवा, कुम्हारी में हंसिया से हत्या, पति गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
नेवई थाना प्रभारी अनिल साहू ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले में अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद इंस्टाग्राम पर साझा किए गए स्क्रीनशॉट, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण कर उन्हें विधिवत जब्त किया गया। इसके बाद तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया।
कॉलेज आते-जाते करता था पीछा
जांच में सामने आया कि आरोपी सूरज सिंह (36) करीब तीन वर्ष पहले नेवई भाठा क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। इसी दौरान वह पीड़िता के स्कूल और कॉलेज आने-जाने के दौरान उसका पीछा करता था और उससे छेड़छाड़ करता था। आरोप है कि आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से पीड़िता के भाई को भी अश्लील और अभद्र संदेश भेजे। इतना ही नहीं, उसने पीड़िता और उसके परिवार की निजी तस्वीरों का बिना अनुमति इस्तेमाल कर उन पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियों के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किए। इन घटनाओं के कारण पीड़िता लंबे समय तक मानसिक तनाव और प्रताड़ना का सामना करती रही।
हरियाणा के फरीदाबाद से हुई गिरफ्तारी
पुलिस की तकनीकी टीम ने डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपी की लोकेशन बल्लभगढ़, फरीदाबाद (हरियाणा) में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। 31 जुलाई को उसे स्थानीय न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। निर्धारित अवधि के भीतर आरोपी को दुर्ग लाकर रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि साइबर माध्यम से महिलाओं को प्रताड़ित करने वाले मामलों में डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मामलों में त्वरित जांच को प्राथमिकता दी जा रही है।