दुर्ग ट्रैफिक पुलिस का एक्शन, एक सप्ताह में 6,592 चालान

दुर्ग में विशेष अभियान के दौरान एक सप्ताह में 6,592 वाहन चालकों पर यातायात नियम उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की गई।

बिना हेलमेट चलने वालों पर सबसे बड़ी कार्रवाई

भिलाई/दुर्ग। Durg Traffic Police takes action; 6,592 challans issued in a week. सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से दुर्ग यातायात पुलिस ने जिलेभर में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। एक सप्ताह तक चले इस अभियान में मोटरयान अधिनियम के तहत 6,592 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार विशेष अभियान जारी रहेगा।

यह भी पढ़ेः छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: भिलाई में दो ऑडिटरों के ठिकानों पर EOW की रेड

व्यस्त इलाकों में हुई सघन जांच

यातायात पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रमुख चौक-चौराहों, व्यस्त बाजारों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया चलाने, सीट बेल्ट नहीं लगाने, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने, तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

बिना हेलमेट वालों पर सबसे ज्यादा चालान

अभियान के दौरान सबसे अधिक 4,140 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के काटे गए। इसके अलावा 978 चालान नो पार्किंग, 513 बिना सीट बेल्ट, और 434 तीन सवारी बैठाकर दोपहिया चलाने के मामलों में किए गए। इसके अतिरिक्त पुलिस ने अन्य यातायात उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की। इनमें 164 अन्य नियमों के उल्लंघन, 95 बिना बीमा, 70 लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, 48 शराब पीकर वाहन चलाने, 44 ओवरस्पीड, 32 नो-एंट्री उल्लंघन, 27 ब्लैक फिल्म, 27 वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग तथा 20 परमिट शर्तों के उल्लंघन के मामले शामिल हैं।

सुरक्षा नियमों का पालन जरूरी

यातायात पुलिस के अनुसार हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर चोटों और मौत के जोखिम को काफी कम करता है। वहीं तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाना और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। इसलिए वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें।

अधिकारी ने क्या कहा

यातायात पुलिस के अधिकारी कौशलेन्द्र देव पटेल ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की।

Related posts

भिलाई निगम की पार्षद रीता सिंह समेत तीन पर धोखाधड़ी का केस दर्ज

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: भिलाई में दो ऑडिटरों के ठिकानों पर EOW की रेड

दुर्ग: मॉडल टाउन में महिला से छेड़छाड़, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार