CG Prime News@कर्नाटक. Doctor stabbed to death in Karnataka, son critically injured कर्नाटक के धारवाड़ में बुधवार को एक एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉक्टर की उनके फ्लैट में हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय डॉ. किरण होन्नावर के रूप में हुई है। घटना में उनके 8 वर्षीय बेटे पर भी चाकू से हमला किया गया, जिसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
कर्नाटक में डॉक्टर की चाकू मारकर हत्या, बेटा गंभीर रूप से घायल, हिरासत में डॉ. पत्नी
परिजनों को संदेह होने पर खुला मामला
पुलिस के अनुसार, पूरे दिन डॉ. किरण से संपर्क नहीं होने पर परिजनों को संदेह हुआ। उन्होंने उनकी पत्नी डॉ. प्रियंका से कई बार फोन पर बात की। शुरुआत में उन्होंने बताया कि उनके पति आराम कर रहे हैं, बाद में कहा कि वे बाहर गए हैं। जब शाम तक भी संपर्क नहीं हो सका तो परिजन फ्लैट पहुंचे। फ्लैट के अंदर एक कमरे में डॉ. किरण का शव खून से लथपथ मिला, जबकि दूसरे कमरे में उनका 8 वर्षीय बेटा घायल अवस्था में पड़ा था। परिजन बच्चे को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है।
पत्नी से पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज की जांच
घटना के बाद सामने आए वीडियो में डॉक्टर और उनका बेटा फर्श पर पड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनकी पत्नी कमरे में मौजूद नजर आती हैं। इन वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने डॉ. प्रियंका को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि, अभी तक किसी के खिलाफ आधिकारिक रूप से अपराध सिद्ध नहीं हुआ है।
हुबली-धारवाड़ के पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान पत्नी के बयान अलग-अलग रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात कब हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे।
हर एंगल से जांच जारी
जांच एजेंसियां दोनों परिवारों से जानकारी जुटा रही हैं। साथ ही अपार्टमेंट परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल पड़ोसियों से किसी विवाद की जानकारी नहीं मिली है। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।