CG Prime News@भिलाई. सुपेला घड़ी चौक पर गुरुवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी हो गई। इसी दौरान जलते पुतले की चपेट में आने से सुपेला थाने में पदस्थ एक आरक्षक की दाहिनी भुजा झुलस गई। घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरक्षक की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने अज्ञात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीएम मोदी के जलते पुतले से झुलसा आरक्षक, भिलाई में कांग्रेसियों के प्रदर्शन के दौरान हादसा
यूपीआई पर टैक्स के विरोध में प्रदर्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुपेला घड़ी चौक पर धरना-प्रदर्शन और रैली आयोजित की थी। प्रदर्शन के दौरान यूपीआई (UPI) पर टैक्स लागू करने के विरोध में नारेबाजी की गई। इसके बाद प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगाते हुए पुतला दहन किया गया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुपेला थाना और दुर्ग रक्षित केंद्र से पुलिस बल मौके पर तैनात था। पुलिस के मुताबिक, पुतला जलाने के दौरान स्थिति बिगड़ गई और पुलिसकर्मियों तथा प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
सिविल ड्रेस में ड्यूटी पर था आरक्षक
शिकायत के अनुसार, निगरानी के लिए सुपेला थाने के एक आरक्षक की ड्यूटी सिविल कपड़ों में लगाई गई थी। आरक्षक ने पुलिस को बताया कि शाम करीब 6:45 बजे 30 से 40 कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी के बाद पुतला जलाने लगे। पुलिसकर्मियों ने आग बुझाने और जलते पुतले को नियंत्रित करने की कोशिश की। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों के साथ झूमाझटकी शुरू हो गई। शिकायत के मुताबिक, पुलिस बल के काम में बाधा डालने के दौरान जलते पुतले की आग आरक्षक की दाहिनी भुजा तक पहुंच गई, जिससे वह झुलस गया।
वीडियो फुटेज से आरोपियों की पहचान
घटना के बाद घायल आरक्षक को निजी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही प्रदर्शन के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर पुतला दहन और कथित झूमाझटकी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।