CG Prime News@दिल्ली. neet paper leak protestjantar mantar cockroach janata party demand resignation NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक के मुद्दे को लेकर शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन करीब पांच घंटे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र, युवा, अभिभावक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय पर गंभीर सवाल उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि पांच दिनों के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो अगले शनिवार को फिर से जंतर-मंतर पर बड़ा आंदोलन आयोजित किया जाएगा।
NEET पेपर लीक पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, सरकार के लिए हम कीड़े-मकोड़े लेकिन लड़ने में सक्षम
हजारों लोगों ने दर्ज कराया विरोध
सुबह 10 बजे शुरू हुए प्रदर्शन में विभिन्न राज्यों से पहुंचे छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे अनियमितता के आरोप युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रहे हैं। प्रदर्शन स्थल पर मौजूद अभिभावकों ने भी परीक्षा व्यवस्था में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। दोपहर करीब 3 बजे तक कार्यक्रम जारी रहा, जिसके बाद प्रदर्शनकारी धीरे-धीरे वापस लौटने लगे।
NEET पेपर लीक पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, सरकार के लिए हम कीड़े-मकोड़े लेकिन लड़ने में सक्षम
अमेरिका से लौटकर सीधे पहुंचे जंतर-मंतर
अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट से सीधे प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह केवल एक दिन का आंदोलन नहीं बल्कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लंबी लड़ाई की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से सोशल मीडिया और अन्य मंचों के माध्यम से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला है।
पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली पुलिस बड़ी संख्या में तैनात रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार समर्थकों और विरोध करने वाले कुछ समूहों के बीच तनाव की आशंका के चलते छह लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया। हालांकि प्रदर्शन कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा।
पुणे स्थित घर के बाहर सुरक्षा बढ़ी
इधर, अभिजीत दीपके के पुणे स्थित निवास के बाहर भी पुलिस बल की तैनाती की गई। घर के आसपास बैरिकेडिंग की गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। परिवार की ओर से मीडिया से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई।
दोस्तों, यह एक लंबी लड़ाई है
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अभिजीत ने कहा- दोस्तों, यह एक लंबी लड़ाई है। हमें सोशल मीडिया पर प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए एक महीना हो गया है, लेकिन ये लोग कार्रवाई करने के बजाय वे ध्यान भटकाने वाली दूसरी चीजों पर ध्यान दे रहे हैं। अभिजीत दीपके ने कहा कि जब उनकी फ्लाइट दिल्ली में लैंड होने वाली थी। तो उन्हें लगा जैसे वे आजादी के अपने आखिरी पल जी रहे हों। उन्होंने कहा, मैं इस मकसद के लिए अपनी आजादी की कुर्बानी देने के लिए पूरी तरह तैयार था।