नक्सलियों के खिलाफ मिली बड़ी सफलता, मुख्यमंत्री ने दी पुलिस जवानों को बधाई

पुलिस मुठभेड़ में 32 नक्सली मारे जाने की सूचना

CG Prime News@रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबल के जवानों की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में बड़ी संख्या में नक्सलियों के मारे जाने पर पुलिसबल के जवानों को मिली सफलता के लिए बधाई दी है। उनके हौसले और अदम्य साहस को नमन किया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के लिए शुरू हुई हमारी लड़ाई अब अपने अंजाम तक पहुंचकर ही दम लेगी, इसके लिए हमारी डबल इंजन की सरकार दृढ़ संकल्पित है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नारायणपुर-दंतेवाड़ा की सीमा में स्थित अबूझमाड़ क्षेत्र में हमारे सुरक्षा बलों के जवानों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है। सर्चिंग में अभी तक 32 नक्सलियों के मारे जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। सर्चिंग में एके-47 सहित कई हथियार मिले हैं। छत्तीसगढ़ में यह अब तक का सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन हुआ है। हम पहले से ही माओवादियों को कहते आए हैं कि वे हिंसा का रास्ता छोड़ दें और विकास की मुख्य धारा से जुड़ें। अब हम लोग डबल इंजन सरकार के कारण मजबूती से नक्सलियों से लड़ रहे हैं। माओवाद अपनी अंतिम सांस गिन रहा है। प्रदेश से नक्सलवाद का खात्मा ही हमारा लक्ष्य है। नक्सलवाद के खात्मे तक हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मैं बीजापुर के दौर पर था, जहां नक्सल हिंसा पीड़ित लोगों से मुलाकात की। आज इस घटना के बाद शायद उनका विश्वास और अधिक बढ़ गया होगा। निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ में माओवाद समाप्ति की ओर अग्रसर है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विगत 9 महीने में नक्सलवाद की समीक्षा करने दो बार छत्तीसगढ़ आ चुके हैं, उनका संकल्प है कि मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्सलवाद समाप्त हो जाए। उनकी सोच के अनुरूप हमारे जवान छत्तीसगढ़ में भी माओवादियों से मुकाबला कर रहे हैं।

Related posts

BSP में लोहा चोरी के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, CISF DIG का दिल्ली ट्रांसफर 

रूंगटा यूनिवर्सिटी के फिल्म फेस्टिवल में पहुंची चक दे इंडिया की कोमल चौटाला

रायगढ़ में विंडो AC का कंप्रेसर फटने से दर्दनाक हादसा, दम घुटने से पिता की मौत, बेटा गंभीर