दुर्ग टाउन उपकेंद्र की क्षमता बढ़ी, 8246 उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली

दुर्ग टाउन सब-स्टेशन में ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि से बिजली आपूर्ति मजबूत

दुर्ग. मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत दुर्ग शहर की विद्युत वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए दुर्ग टाउन उपकेंद्र की क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि की गई है। विद्युत विभाग द्वारा 33/11 केवी दुर्ग टाउन सब-स्टेशन में स्थापित 05 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर को बदलकर 08 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इस कार्य से शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुदृढ़ और विश्वसनीय हो गई है।

अब कुल क्षमता हुई 18 एमवीए

क्षमता वृद्धि के बाद दुर्ग टाउन उपकेंद्र की कुल विद्युत क्षमता 15 एमवीए से बढ़कर 18 एमवीए हो गई है। इस अपग्रेडेशन कार्य पर कुल 89.79 लाख रुपये की लागत आई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना बढ़ती बिजली मांग को ध्यान में रखते हुए समय रहते पूरी की गई है।

8246 उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ

इस उन्नयन का लाभ इंदिरा मार्केट, खंडेलवाल कॉलोनी, तकिया पारा, मिलपारा एवं डीपरा पारा सहित घनी आबादी वाले क्षेत्रों के लगभग 8246 घरेलू एवं व्यावसायिक उपभोक्ताओं को मिलेगा। गर्मी के मौसम में बढ़ते लोड के दौरान अब लो-वोल्टेज और बिजली बाधित होने जैसी समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।

गर्मी से पहले तैयारियां पूरी

विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आगामी गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए यह कार्य प्राथमिकता से पूरा किया गया है। इससे गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी और भविष्य में बढ़ते विद्युत भार को संतुलित करने में भी मदद मिलेगी।

अधिकारियों की रही सक्रिय भूमिका

कार्य के सफल चार्जिंग एवं ऊर्जीकरण के दौरान कार्यपालन अभियंता धर्मेंद्र भारती, दुर्गेश नंदिनी देवांगन, आर.के. दानी सहित सहायक एवं कनिष्ठ अभियंताओं तथा तकनीकी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related posts

अक्षय कुमार की भूत बंगला ने कमाए 260 करोड़, फिर भी क्यों नहीं कहलायी हिट

कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के संकेत, डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए सीएम

विश्रामपुर थाना धरना: शाम 6 बजे तक कार्रवाई नहीं हुई तो आमरण अनशन पर बैठेंगे टीएस सिंह देव