विधायकों का आशियाना बनाने 80 गरीबों का घर तोड़ा, नकटी गांव में चला बुलडोजर

विधायकों का आशियाना बनाने 80 गरीबों का घर तोड़ा, नकटी गांव में चला बुलडोजर

CG Prime News@रायपुर. Bulldozer action in Chhattisgarh’s Nakti village. राजधानी रायपुर के माना क्षेत्र स्थित नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी परियोजना के लिए सोमवार सुबह प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान माना के नकटी गांव में लगभग 80 मकानों को हटाया गया, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना और इंदिरा आवास योजना के तहत बने 32 मकान भी शामिल बताए जा रहे हैं। कार्रवाई से पहले रविवार देर रात से ही पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। सुबह जब प्रशासनिक टीम जेसीबी मशीनों के साथ पहुंची तो कई ग्रामीण अपने घरों को बचाने के लिए मशीनों के सामने खड़े हो गए। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक भी हुई।

विधायकों का आशियाना बनाने 80 गरीबों का घर तोड़ा, नकटी गांव में चला बुलडोजर

भावुक कर देने वाली तस्वीरें आईं सामने

कार्रवाई के दौरान कई मार्मिक दृश्य भी देखने को मिले। एक छोटी बच्ची रोते हुए बताती नजर आई कि सुबह से उसने कुछ नहीं खाया, क्योंकि परिवार कार्रवाई की आशंका के चलते खाना तक नहीं बना पाया था। वहीं कई परिवार अपने घरेलू सामान के साथ खुले आसमान के नीचे बैठे दिखाई दिए। टूटे हुए मकानों के मलबे के पास बैठे बुजुर्ग और गोद में मासूम बच्चों को संभालते परिजन लोगों का ध्यान आकर्षित करते रहे। कार्रवाई के दौरान जेसीबी के सामने अड़े ग्रामीणों को हटाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ दिया।

विधायकों का आशियाना बनाने 80 गरीबों का घर तोड़ा, नकटी गांव में चला बुलडोजर

सांसद के आश्वासन के बाद भी टूटा भरोसा

ग्रामीणों का कहना है कि दो दिन पहले क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि बारिश के मौसम में किसी भी परिवार का मकान नहीं तोड़ा जाएगा। इसी भरोसे के कारण लोगों को तत्काल कार्रवाई की उम्मीद नहीं थी। लेकिन सोमवार सुबह बुलडोजर चलने से ग्रामीणों में नाराजगी और आक्रोश बढ़ गया। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए धरना भी दिया।

प्रशासन का उद्देश्य

प्रशासन का कहना है कि प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के निर्माण के लिए भूमि को खाली कराया जा रहा है। हालांकि प्रभावित परिवार पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

गांव में लोगों की एंट्री बैन, 2 दिन चलेगी कार्रवाई

गांव में लोगों की एंट्री बैन कर दी गई है। किसी को अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है। लोगों के सामानों को मवेशी ले जाने वाले वाहनों में ठूंसकर बाहर लाया जा रहा है।

प्रभावितों को नया रायपुर में मिलेंगे मकान

नकटी गांव में चल रही बेदखली की कार्रवाई के बीच जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था शुरू कर दी है। एसडीएम ने बताया कि कुल 75 प्रभावित परिवारों को नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस (EWS) आवासों में अस्थायी और स्थायी रूप से बसाने का इंतजाम किया जा रहा है। इसके लिए मकान आवंटन की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है।

Related posts

छत्तीसगढ़ में रिटायर्ड बैंक मैनेजर ने समाज को दिया 1 करोड़ दान

फर्जी भूमि पट्टा बनाकर हाउसिंग लोन लेने की कोशिश, दुर्ग पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

दुर्ग में आइसक्रीम पार्लर की आड़ में देह व्यापार, हिरासत में 3 महिलाएं 3 पुरुष