आमाघाट अफीम केस: झारखंड से आरोपी गिरफ्तार

झारखंड से गिरफ्तार आरोपी के साथ रायगढ़ पुलिस की टीम

रायगढ़ | तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम खेती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने झारखंड में दबिश देकर फरार आरोपी एमानुएल भेंगरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।

करोड़ों की अफीम खेती का भंडाफोड़

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मार्शल संगा द्वारा खर्राघाट क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती की जा रही थी। मौके से कुल 60,326 अफीम पौधे (लगभग 2877 किलोग्राम) जब्त किए गए। इसके अलावा 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 5 लाख रुपये आंकी गई है।

इंटरस्टेट ऑपरेशन में मिली सफलता

मामले में पहले ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम ओडिशा और झारखंड रवाना हुई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जहां से एमानुएल भेंगरा को पकड़ा गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई

थाना तमनार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(बी), 18 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है। दूसरे आरोपी सीप्रियन भेंगरा की तलाश जारी है।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि “मादक पदार्थों की खेती और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन आघात के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

Related posts

दुर्ग में युवक की हत्या कर गहरे कुएं में फेंका शव, तीन आरोपी गिरफ्तार

भिलाई में पहली बार होगा भव्य फिल्म फेस्टिवल, अनुराग बसु सहित बॉलीवुड की दिग्गज हस्तियां करेंगी युवाओं से संवाद

मनगटा के विसलिंग वुड रिसॉर्ट में भिलाई की युवती की संदिग्ध मौत, शव छोड़कर भागे दोस्त