CG Prime News@भिलाई. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई-3 सहित राजधानी रायपुर और राजनांदगांव में शुक्रवार सुबह जांच एजेंसियों की छापेमारी से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भिलाई-3 के वसुंधरा नगर स्थित साईं मंदिर के समीप ट्रांसपोर्टर संतोष सिंह और जितेंद्र सिंह के घर सुबह छह सदस्यीय टीम ने दबिश दी। टीम द्वारा दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच किए जाने की सूचना है। हालांकि, कार्रवाई करने वाली एजेंसी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार शराब और कोल घोटाले की जांच के सिलसिले में ACB-EOW ने छापा मारा है। राजधानी रायपुर में अनवर ढेबर से जुड़े ठिकानों पर भी जांच एजेंसी की दबिश की खबर है। वहीं राजनांदगांव के लालबाग क्षेत्र में जय बग्गा और पॉश कॉलोनी सन सिटी में वैभव गोलछा के ठिकानों पर जांच की सूचना सामने आई है। बताया जा रहा है कि सन सिटी में करीब 8 से 10 अधिकारियों की टीम सुबह पहुंची और परिसर में जांच शुरू की। दोनो को पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा का करीबी बताया जा रहा है।
गुलशन बघेल के यहां छापे से जुड़ रहे तार
सूत्रों में चर्चा है कि पिछले दिनों दुर्ग के प्रमुख व्यवसायी एवं ट्रांसपोर्टर गुलशन बघेल के ठिकानों पर हुई छापेमारी के दौरान मिले कुछ इनपुट के आधार पर भिलाई-3 में संतोष सिंह और जितेंद्र सिंह के यहां दबिश दी गई है। हालांकि, दोनों कार्रवाई के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
शराब कारोबार और हवाला लेन-देन की चर्चा
कार्रवाई को शराब कारोबार और हवाला लेन-देन से जोड़कर भी देखा जा रहा है। ACB EOW, आबकारी विभाग की संलिप्तता को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आ रही हैं। फिलहाल किसी एजेंसी ने कार्रवाई के उद्देश्य, दस्तावेजों की जब्ती या संभावित अनियमितताओं के संबंध में अधिकृत जानकारी जारी नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।