अवैध अफीम खेती मामले में फरार आरोपी सिप्रियन भेंगरा गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने फरार आरोपी को झारखंड से पकड़कर भेजा जेल

रायगढ़ | तमनार थाना क्षेत्र में अवैध अफीम खेती के बड़े मामले में पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने झारखंड से सिप्रियन भेंगरा (25 वर्ष) को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले इस प्रकरण में मुख्य आरोपी मार्शल संगा और सहयोगी एमानुएल भेंगरा को गिरफ्तार किया जा चुका है।

60 हजार से ज्यादा पौधों की जब्ती

पुलिस को ग्राम आमाघाट क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती की सूचना मिली थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए मौके से कुल 60,326 अफीम के पौधे जब्त किए गए। इसके साथ ही आरोपियों के कब्जे से 3.02 किलोग्राम प्रोसेस अफीम भी बरामद हुई, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(बी), 18 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

राज्यों तक चला सर्च ऑपरेशन

फरार आरोपियों की तलाश में रायगढ़ पुलिस ने ओडिशा और झारखंड तक सर्च ऑपरेशन चलाया। संयुक्त टीमों ने तकनीकी इनपुट और स्थानीय पुलिस की मदद से पहले एमानुएल भेंगरा को पकड़ा, वहीं लगातार प्रयास के बाद सिप्रियन भेंगरा को उसके गृह क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

मोबाइल जब्त, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिससे मामले में और खुलासे होने की संभावना है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का सख्त संदेश

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Related posts

छत्तीसगढ़- 33% महिला आरक्षण लागू करने शासकीय संकल्प होगा पेश

दुर्ग में मंत्री गजेंद्र की समीक्षा बैठक, बोले-जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें

भिलाई के खुर्सीपार में 18 साल का लड़का 3.200 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार