यूपी, बिहार के लड़कों को सैलरी देकर ऑनलाइन सट्टे का अवैध कारोबार, भिलाई के मास्टरमाइंड सहित 9 आरोपी गिरफ्तार

यूपी, बिहार के लड़कों को सैलरी देकर ऑनलाइन सट्टे का अवैध कारोबार, भिलाई के मास्टरमाइंड सहित 9 आरोपी गिरफ्तार

CG Prime News@दुर्ग. Durg Police busted an interstate online betting syndicate. दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। सिंडिकेट के 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी भिलाई निवासी निशांत गुप्ता की निशानदेही पर नागपुर में किराए के मकान पर दबिश दी। जहां से यूपी, बिहार के 8 युवकों को पकड़ा गया है। मुख्य आरोपी निशांत उत्तरप्रदेश और बिहार के युवकों को संगठित कर करोड़ों के अवैध सट्टा का कारोबार चला रहा था।

डेढ़ करोड़ से ज्यादा का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन मिला

आरोपियों के कब्जे से 26 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 2 आईपैड, 85 एटीएम कार्ड, 18 पास बुक, 45 सिम कार्ड सहित मारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद मिले हैं। एएसपी सुखनंदन राठौर ने शनिवार को बताया कि आरोपियों के द्वारा प्रतिमाह लगभग डेढ़ करोड़ रुपए का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन मिला है। पुलिस वित्तीय नेटवर्क के विस्तृत जांच में जुटी है।

 

यूपी, बिहार के लड़कों को सैलरी देकर ऑनलाइन सट्टे का अवैध कारोबार, भिलाई के मास्टरमाइंड सहित 9 आरोपी गिरफ्तार

23 लाख की ज्वेलरी जब्त

ऑनलाइन सट्टे की अवैध कमाई से खरीदे गए लगभग 23 लाख रुपये मूल्य के सोने और डायमंड के आभूषण जब्त किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ अवैध धन को छिपाने और खपाने के लिए बैंक खातों और डिजिटल माध्यमों का सुनियोजित उपयोग, बीएनएस एवं टेलीकॉम एक्ट की अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गई है।

छावनी पुलिस को मुखबिर से मिली थी सूचना

दुर्ग पुलिस द्वारा अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना छावनी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना छावनी क्षेत्र निवासी निशांत कुमार गुप्ता, पिता राजेश गुप्ता, उम्र 29 वर्ष, निवासी सुभाष चौक कैंप-2, भिलाई के द्वारा लंबे समय से विभिन्न राज्यों में छिपकर ऑनलाइन सट्टा संचालन का कार्य कर रहा है। वर्तमान में अपने निवास स्थान से भी ऑनलाइन क्रिकेट बेटिंग गतिविधियों का संचालन कर रहा है।

ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफार्म की आईडी करता था संचालित

सूचना पर थाना छावनी पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध निशांत कुमार गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसके मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की प्रारंभिक जांच में सूचना सही पाई गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह C-B. Cricket Buzz Betting App” एवं “RubyBet” नामक ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म की आईडी संचालित करता है।

नागपुर में किराए के मकान से अवैध कारोबार

पुलिस से बचने के उद्देश्य से अपने सहयोगियों को महाराष्ट्र के नागपुर शहर में किराए का मकान लेकर वहां से ऑनलाइन सट्टा संचालन करवाता है। प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर थाना छावनी में दिनांक 4 जून को अपराधक्रमांक 371/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

दुर्ग पुलिस ने नागपुर में मारा छापा

मुख्य आरोपी निशांत कुमार गुप्ता की निशानदेही पर दुर्ग पुलिस की विशेष टीम द्वारा नागपुर स्थित किराए के मकान में दबिश दी गई। मौके पर ऑनलाइन सट्टा संचालन करते हुए 8 व्यक्तियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऑनलाइन सट्टे में डिपॉजिट, विड्रॉल, अकाउंट संचालन, आईडी प्रबंधन और अन्य तकनीकी कार्य करते थे। जिसके बदले उन्हें प्रतिमाह लगभग 20,000 से 25,000 वेतन और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाती थी।

लगातार बदलता था ठिकाना

जांच में यह भी सामने आया कि युवकों को लालच देकर संगठित रूप से ऑनलाइन सट्टा संचालन में लगाया गया था। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके द्वारा प्रतिदिन लगभग 4 से 5 लाख का ऑनलाइन लेन-देन किया जाता था। जो प्रतिमाह लगभग 1.50 करोड़ तक पहुंचता था। मुख्य आरोपी निशांत कुमार गुप्ता विभिन्न राज्यों में स्थान बदल-बदल कर ऑनलाइन सट्टा संचालन का कार्य कर रहा था। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर और अन्य राज्यों में रहकर अवैध गतिविधियों को संचालित करता था। जिससे उसके विरुद्ध पूर्व में प्रभावी कानूनी कार्रवाई से बचता था।

छलपूर्वक लोगों से हासिल किया सिम कार्ड

प्रकरण की विवेचना के दौरान आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज, एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद हुए। जांच में सामने आया कि उक्त बैंक खाते, एटीएम कार्ड एवं मोबाइल सिम कार्ड वास्तविक खाताधारकों एवं व्यक्तियों से बेईमानी, छलपूर्वक अथवा अन्य अवैध तरीकों से प्राप्त किए गए थे। उनका उपयोग ऑनलाइन सट्टे से प्राप्त धनराशि के संग्रहण, हस्तांतरण एवं छिपाने के लिए किया जा रहा था।

अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करता था राशि

ऑनलाइन सट्टे से प्राप्त राशि को विभिन्न बैंक खातों में जमा कर परत-दर-परत ट्रांसफर किया जाता था। जिससे वास्तविक लाभार्थियों और अपराध से अर्जित धनराशि के स्रोत को छिपाया जा सके। इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4), 318 (4) तथा टेलीकॉम अधिनियम की धारा 42 के तहत भीवैधानिक कार्रवाई की गई है। विवेचना के दौरान यह भी पता चला कि मुख्य आरोपी निशांत कुमार गुप्ता द्वारा पिछले कई वर्षों से ऑनलाइन सट्टा संचालन से अर्जित अवैध धनराशि का उपयोग महंगे आभूषण एवं अन्य संपत्तियां अर्जित करने में किया गया।

अवैध कारोबार से खरीदा ज्वेलरी

जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा खरीदे गए सोने और डायमंड मिश्रित आभूषण महावीर ज्वेलर्स, पावर हाउस भिलाई में 10 माह पूर्व गिरवी रखे गए थे। पुलिस द्वारा उक्त आभूषणों को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए जप्त किया गया है। जप्त आभूषणों में लगभग 15 तोला सोना, डायमंड मिश्रित जेवरात शामिल हैं। जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 23 लाख रुपये है। थाना छावनी में अपराध क्रमांक 371/2026 धारा छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 7 एवं बीएनएस की धारा 112, 61(2), 317 (2), 317 (3), 317(4) एवं टेलीकाम अधिनियम की धारा 42 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार

1. मुख्य आरोपी निशांत कुमार गुप्ता, उम्र 29 वर्ष, निवासी गणेश चौक, कैप-02, थाना छावनी, (आई.डी. संचालक)
2. अखिलेश यादव 22 वर्ष, निवासी खुड़ापार, थाना मेहनगर, जिला आजमगढ़ (उ.प्र.)।
3. पंकज यादव 22 वर्ष, निवासी खुड़ापार, थाना मेहनगर, जिला आजमगढ़ (उ.प्र.)।
4. आशीष जायसवाल 20 वर्ष, निवासी खेरी कोठा, थाना मधुवन, जिला मऊ (उ.प्र.)।
5. विशाल पटेल 29 वर्ष, निवासी बरवा विद्यापति, थाना महाराजगंज, जिला महाराजगंज (उ.प्र.)।
6. शिवम चौहान 23 वर्ष, निवासी झउवा, थाना मेहनगर, जिला आजमगढ़ (उ.प्र.)

7. जयहिंद यादव 22 वर्ष, निवासी कुढ़ापार, थाना मेहनगर, जिला आजमगढ़ (उ.प्र.)।
8. वेचन मुखिया 24 वर्ष, निवासी बेनीपुर, थाना बहेड़ा, जिला दरभंगा (बिहार)।
9. भागीरथ राम 35 वर्ष, निवासी नयागांव, थाना रेयाम, जिला दरभंगा (बिहार)।

यह सामान किया जब्त

एंड्रॉयड मोबाइल फोन 26
लैपटॉप 03
आईपैड 02
एटीएम कार्ड 85
बैंक पासबुक 18
एक्सटेंशन बोर्ड 19
लैपटॉप चार्जर 03
मोबाईल चार्जर 07
पावर बैंक 19
टीवी कनेक्टर 19
चेकबुक – 02
आधार कार्ड विभिन्न
सिम कार्ड 45
हिसाब-किताब रजिस्टर एवं दस्तावेज
नगदी राशि 1,54,620 रुपए
45 सिम कार्ड
23 लाख रुपये मूल्य के सोने एवं डायमंड के आभूषण

Related posts

अंबिकापुर में डॉक्टर की पत्नी से रेप, तीन साल तक ब्लैकमेल कर बनाता रहा संबंध

NEET पेपर लीक प्रदर्शन, नए विवाद में घिरे भिलाई विधायक देवेंद्र, पुलिस ने किया FIR

रायपुर में फोन पर तीन तलाक, कुवैत में रह रहे पति पर केस दर्ज