दुर्ग. ग्राम धनोरा के निवासी और भारतीय सेना के सेवानिवृत्त जवान जयपाल ने PM Surya Ghar Yojana का लाभ उठाकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। वर्तमान में State Bank of India में कार्यरत जयपाल ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल सिस्टम लगवाया है, जिससे उन्हें बिजली बिल से लगभग पूरी तरह राहत मिल गई है।
एक साल में 4870 यूनिट बिजली उत्पादन
जयपाल के अनुसार उन्होंने जनवरी 2025 में सोलर सिस्टम लगवाया था। इसके बाद से अब तक 4870 यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ है।इसमें से उन्होंने 2008 यूनिट बिजली खुद उपयोग की, जबकि 2862 यूनिट बिजली ग्रिड में भेज दी। इसके बदले बिजली विभाग द्वारा उन्हें 17,414 रुपये का सोलर रिबेट दिया गया, जो उनके बिजली बिल में समायोजित किया गया।
पहले 2500 तक आता था बिल
सोलर सिस्टम लगने से पहले उनका मासिक बिजली बिल 2000 से 2500 रुपये तक आता था, लेकिन अब उनका बिजली बिल लगभग शून्य या माइनस में आने लगा है। जयपाल बताते हैं कि इस सिस्टम का मेंटेनेंस बेहद आसान है। रोज सुबह हल्के पानी से साफ करने पर यह अच्छी तरह काम करता है और अब तक कोई तकनीकी समस्या नहीं आई।
पड़ोसियों को भी किया प्रेरित
जयपाल की सफलता से प्रेरित होकर उनके कई पड़ोसियों ने भी अपने घरों में सोलर पैनल लगवाए हैं। जयपाल का कहना है कि हर घर में सोलर पैनल लगने से लोग बढ़ते बिजली बिल से मुक्त हो सकते हैं और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।